पंजाब यूनिवर्सिटी में मंगलवार को चुनाव प्रचार थम गया। वोटरों को लुभाने के लिए अब बड़ी रैली, नाटक या सभा नहीं होगी और न ही कोई क्लास में जाकर प्रचार कर सकेगा। हालांकि छोटे-छोटे समूह में हॉस्टलों और स्टूडेंट सेंटर पर प्रचार चलता रहेगा।
चुनावी दंगल का हल्ला शांत होने से पहले मंगलवार को कैंपस में रैलियों का माहौल रहा। हालांकि छह दलों ने चुनाव कमेटी से रैली की इजाजत मांगी थी, लेकिन चार ही दलों रैली निकाली। सभी रैलियां पैदल थी, क्योंकि पीयू प्रबंधन ने इस दफा कैंपस में गाड़ी और बाइक की रैली निकालने पर रोक लगा रखी है। कुछ ऐसा रहा रैलियों का माहौल...
डफली बजाते निकली एसएफएस
बड़ी संख्या में एसएफएस के छात्र नेता और कार्यकर्ता ऑर्ट्स ब्लॉक नंबर एक से निकले। डफली बजाकर नारे लगाते हुए दल बढ़ता रहा और लॉ विभाग, हॉस्टल चौक से होता हुआ यूआईईटी पहुंचा। यहां पर एसएफएस के नेताओं और प्रधान पद की उम्मीदवार हसनप्रीत कौर ने रैली को संबोधित किया। एसएफएस नेता हरमन ने कहा कि अब समय आ गया है कि उन्हें छात्र राजनीति से दूर किया जाए, जो जीतने के बाद छात्र हित में नहीं, बल्कि अपने आकाओं को खुश रखने का काम करते हैं। हसनप्रीत कौर ने सभी से सहयोग मांगा और भरोसा दिया कि एसएफएस ने जो भी वायदे किए हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा। एसएफएस काउंसिल की सभी चार सीट पर अकेले लड़ रही है।
इनसो ने सचिव पद के लिए निकाली रैली
PU Elections 2017
- फोटो : अमर उजाला
समर्थन दलों के साथ निकली एनएसयूआई
एसएफएस की रैली के बाद एनएसयूआई ने भी अपना दम दिखाते हुए रैली निकाली। हुजुम ऑर्ट्स ब्लॉक से शुरू होकर पूरे कैंपस से होता हुआ साउथ कैंपस तक गया। यहां पर एनएसयूआई के नेताओं और प्रधान पद के उम्मीदवार जशन कंबोज ने एनएसयूआई के लिए वोट मांगे। इस दौरान भरोसा दिलाया गया कि एनएसयूआई सभी छात्रों की उम्मीद पर खरी उतरेगी। छात्रों से जो भी वायदे किए जा गए हैं, उन्हें पूरा करने के साथ पूरा फोकस छात्र हित पर रखा जाएगा।
पूसू गठबंधन ने भी निकाली रैली
चुनावी प्रचार के अंतिम दिन पूसू गठबंधन ने भी अपने दलों के साथ रैली निकाली। इस दौरान पूसू के समर्थक अपने संगठन को वोट दिलाने के लिए डटे रहे। स्टूडेंट सेंटर सहित पूरे कैंपस में चक्कर लगाकर पूसू गठबंधन के सभी उम्मीदवारों से वोट अपील कराई गई। इस दौरान दावा किया गया कि यह एक गैर राजनैतिक दल है और छात्र हित में काम किया जाएगा।
इनसो ने सचिव पद के लिए निकाली रैली
पीयू स्टूडेंट काउंसिल में सचिव के पद पर चुनावी दंगल का हिस्सा इनसो ने अपनी उम्मीदवार शैवलिनी सिंह को साथ लेकर एक रैली निकाली। अपने टेंट से रैली को शुरू कराकर नॉर्थ कैंपस के हॉस्टलों और स्टूडेंट सेंटर में पहुंचाया गया। यहां पर शैवलिनी ने सभी मौजूद स्टूडेंट्स से वायदा किया कि वह जीतकर आएगी, तो सिर्फ छात्र हित के लिए काम किए जाएंगे। इस दौरान शैवलिनी के साथ इनसो के कई छात्र नेता मौजूद रहे।