यदि आप प्रदेश की किसी भी यूनिवर्सिटी कैंपस में एडमिशन लेना चाहते हैं तो अभी से तैयारियों में जुट जाएं। सेंट्रलाइज सिस्टम के तहत इसबार करीब 20 दिन पहले यानी 1 मई से एडमिशन प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। इसके लिए केवल एमडीयू रोहतक और कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में ही आपको एंट्रेंस एग्जाम देना होगा।
दरअसल, इस बार प्रदेश सरकार ने यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट में सेंट्रलाइन सिस्टम के तहत एडमिशन करने का फैसला लिया है। इसके तहत प्रदेश की केवल दो यूनिवर्सिटी को जिम्मेदारी दी गई है, जिसमें एमडीयू और कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी हैं। सामान्य तौर पर यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट के लिए एडमिशन लगभग 20 मई से शुरू होते थे, लेकिन इस बार नया सिस्टम होने के कारण 1 मई से एडमिशन शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
हालांकि यह सिस्टम कितना सफल रहेगा यह तो बाद में ही पता चलेगा, लेकिन इसे लेकर पूरी गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। खास बात यह है कि एमडीयू का सेंट्रलाइन एडमिशन के लिए पोर्टल तैयार करने की जिम्मेदारी भी बाहरी कंपनी को दी जाएगी, जिससे एडमिशन में पूरी पारदर्शिता बरती जा सके। भले ही आप किसी भी यूनिवर्सिटी में एडमिशन लेना चाहें, लेकिन एंट्रेंस एग्जाम इन दोनों यूनिवर्सिटी में ही होंगे। इसके लिए अलग-अलग कोर्स आवंटित कर दिए गए हैं।
एमडीयू इन कोर्सों में करेगा एडमिशन
दाखिला
इस सिस्टम के अंतर्गत एमडीयू को फिजिक्स, केमिस्ट्री, फार्मेसी, जूलॉजी, मैथमेटिक्स, बायोकेमिस्ट्री, बायो टेक्नोलॉजी, बॉटनी, इनवायरमेंटल साइंस, माइक्रो बायोलॉजी, इनवायरमेंटल बायो टेक्नोलॉजी, एग्रीकल्चर बायो टेक्नोलॉजी, माइक्रोबियल टेक्नोलॉजी, बायो इनफार्मेटिक्स और फॉरेंसिक साइंस आदि कई कोर्सों का प्रभार दिया गया है।
केयू करेगा इन कोर्सों में प्रवेश
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में एमकॉम, एमए इकोनॉमिक्स, एमबीए दो वर्षीय, मास्टर ऑफ सोशल वर्क, जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन, एमए, एमएससी मास कम्युनिकेशन, एलएलएम, एमए पॉलिटिकल साइंस, एमए पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, एमए इंग्लिश, एम हिंदी, एमए हिस्ट्री, एमए ज्योग्राफी, एमपीएड और एमए साइकोलॉजी आदि कोर्स हैं।
बाहरी कंपनी को दिया जाएगा टेंडर
इस बार 1 मई से पीजी कोर्सों में एडमिशन शुरू करने की पूरी तैयारी है। सेंट्रलाइज एडमिशन पोर्टल के लिए बाहरी कंपनी को टेंडर दिया जाएगा। इसकी प्रक्रिया चल रही है।
- डॉ. जीपी सरोहा, डायरेक्टर कंप्यूटर सेंटर एमडीयू