स्कूलों और कॉलेजों में दाखिले करते टीचर्स
- फोटो : फाइल फोटो
चंडीगढ़ के स्कूलों में 11वीं कक्षा में एडमिशन पाने के लिए स्टूडेंट्स के लिए यह अंतिम मौका है। इस बार शिक्षा विभाग सिर्फ दो काउंसिलिंग ही करेगा। इसके बाद 11वीं में दाखिला पाना स्टूडेंट्स के लिए मुश्किल होगा। सिर्फ दो काउंसिलिंग कराने के पीछे विभाग का तर्क है कि ज्यादा बार काउंसिलिंग करने की वजह से दाखिले की प्रक्रिया बहुत लंबी हो जाती है और समय भी वेस्ट होता है। इसके चलते छात्रों की काफी पढ़ाई का नुकसान होता है।
गौरतलब है कि शहर में 40 सीनियर सेकेंडरी स्कूल हैं। उधर, दूसरी काउंसिलिंग सोमवार से शुरू हो गई। इसके तहत 15 से 17 जुलाई तक आवेदन और फीस जमा किया जा सकता है। इस काउंसिलिंग में विभिन्न स्कूलों के स्ट्रीमों में खाली पड़ी करीब 2336 सीटों पर दाखिला दिया जाएगा। यह काउंसिलिंग उन छात्रों के लिए भी सुनहरा अवसर है, जिन्हें पहली काउंसिलिंग में दाखिला नहीं मिल पाया है। इनके अलावा जो छात्र स्कूल और स्ट्रीम बदलवाना चाहते हैं, वह भी ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं।
11वीं कक्षा में दाखिला लेने को इच्छुक स्टूडेंट्स को अप्लाई करने के दौरान मिली हार्ड कॉपी को 17 और 18 जुलाई को दोपहर एक बजे तक संबंधित स्कूल में जमा कराना होगा। दूसरी काउंसलिंग में अप्लाई करने के बाद 25 जुलाई दोपहर 11 बजे फाइनल मेरिट लिस्ट जारी होगी। इसमें स्टूडेंट्स के नाम के साथ स्कूल और संकाय की जानकारी भी डिस्प्ले होगी। इसके बाद 26 और 27 जुलाई को दोपहर 11 बजे तक फीस जमा कराई जाएगी और 29 जुलाई से क्लासें शुरू होंगी।
कॉलेजों में दूसरी काउंसिलिंग के लिए स्टूडेंट्स ने जमा कराई फीस
चंडीगढ़ के विभिन्न कॉलेजों में सेंट्रलाइज्ड कोर्सों में एडमिशन की दूसरी काउंसिलिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सोमवार को विभिन्न कॉलेजों में यूटी पूल के अंतर्गत आने वाले स्टूडेंटस के डॉक्यूमेंट वेरिफाई और फीस जमा हुए। शहर के हर लगभग हर कॉलेज में बीएससी, बीबीए, बीसीए, और बीकॉम के स्टूडेंट्स सुबह से ही डॉक्यूमेंटेशन के लिए पहुंचे। एमसीएम, एसडी और डीएवी कॉलेज में स्टूडेंट्स की संख्या ज्यादा रही।
उच्चतर शिक्षा विभाग की तरफ से सेंट्रलाइज्ड एडमिशन के दूसरी काउंसिलिंग के लिए सोमवार को यूटी के जनरल कोटे के स्टूडेंट को डॉक्यूमेंटेशन के लिए बुलाया गया था। सुबह 9 बजे डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया शुरू हुई, लेकिन कई स्टूडेंट्स और उनके परिजन सुबह 8 बजे से ही कॉलेज के बाहर पहुंचने लगे थे। पहले दिन भीड़ ज्यादा होने की वजह से स्टूडेंट्स को बारी के लिए काफी इंतजार करना पड़ा।
इंतजार के बाद स्टूडेंट्स ने अपने पसंदीदा स्ट्रीम में दाखिला लेने के लिए प्रक्रिया पूरी की। वहीं, 16 जुलाई को नॉन यूटी पूल स्टूडेंट्स को बुलाया गया है। मंगलवार को सुबह 9 बजे नॉन यूटी पूल के जनरल स्टूडेंट्स की और सुबह 11 बजे रिजर्व कैटेगिरी के स्टूडेंट्स की काउंसिलिंग की जाएगी। वहीं, यूटी पूल के रिजर्व कोटे के स्टूडेंट्स को भी 16 जुलाई को 2 बजे बुलाया गया है।