अपने हजारों स्टूडेंट्स के लिए कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी ने एक खास सुविधा शुरू की है, जिसके लिए उन्हें बस एक क्लिक करना होगा। दरअसल, कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी दूरवर्ती शिक्षा निदेशालय के हजारों विद्यार्थियों की सुविधा के लिए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने एसएमएस सर्विस शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत निदेशालय के विद्यार्थियों को हर तरह की सूचना किसी चिट्ठी एवं पत्र की बजाय सीधे एसएमएस से ही मिलेगी।
यानि दाखिले से लेकर मार्कशीट तक हर तरह की सूचनाएं एसएमएस के जरिये 40 हजार विद्यार्थियों तक पहुंचेंगी। केयू कुलपति डॉ. कैलाशचंद्र शर्मा ने मंगलवार को प्रशासनिक ब्लॉक के कमेटी रूम से इस सुविधा को कुलपति ने लांच किया। उन्होंने कहा कि समय के साथ खुद को बदलना जरूरी है। इस सुविधा से विद्यार्थियों को सभी सूचनाएं अपने मोबाइल इन बॉक्स से ही मिल सकेंगी।
इससे दूरवर्ती शिक्षा निदेशालय से शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों को फायदा होगा। इसके लिए दूरवर्ती शिक्षा निदेशालय की निदेशिका प्रो. मंजूला चौधरी को बधाई दी। विद्यार्थियों को अधिक से अधिक ऑनलाइन सुविधाएं मिलें, इसके लिए परीक्षा शाखा एवं कई अन्य विभागों की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। निदेशालय की निदेशिका एवं डीन ऑफ कॉमर्स प्रो. मंजुला चौधरी ने बताया कि एसएमएस सर्विस शुरू होने के बाद विद्यार्थियों को इसका काफी फायदा मिलेगा।
इलेक्ट्रॉनिक सुविधाओं के माध्यम से पीसीपी, पीसीपी अनुसूची, प्रेक्टिकल समय सारिणी तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां एक ही समय में भेजी जा सकेंगी। इस सेवा से निदेशालय की कार्यकुशलता में बढ़ोत्तरी होगी। दूरवर्ती शिक्षा निदेशालय के सहायक प्रो. अमित कुमार माथुर ने यूनिवर्सिटी के 42 अधिकारियों को स्वागत संदेश भेजकर इसका शुभारंभ किया।