पंजाब यूनिवर्सिटी के यूबीएस विभाग से एमबीए करने के बाद स्टूडेंट्स को यही इंटर्नशिप कराई जाएगी। उसके बाद दूसरी कंपनियों में भेजा जाएगा। इसके लिए मैनेजमेंट डेवलपमेंट प्रोग्राम (एमडीपी) सेंटर खुलने जा रहा है। यूबीएस विभाग इसकी तैयारी में लगा हुआ है। पीयू के यूबीएस विभाग की साख दुनियाभर में अच्छी है।
यहां की एमबीए को दुनिया में टॉप- 15 में जगह मिली थी। इस विभाग का परसेप्शन अच्छा है। यहां पढ़ाई बेहतर ढंग से कराई जाती है और प्लेसमेंट भी शतप्रतिशत होता है। विभाग अपने में और निखार लाने के लिए अब एमडीपी सेंटर स्टूडेंट्स के लिए खोलने जा रहा है।
बताया जाता है कि एमबीए करने वाले विद्यार्थियों को समय समय पर यहीं पर इंटर्नशिप कराई जाएगी ताकि वह कोर्स पूरा होने से पहले परिपक्व हो जाएं। ऐसा करने से उनको कंपनियां अधिक पैकेज देंगी। हालांकि कंपनियों में भी उन्हें समर इंटर्नशिप के लिए जाना होगा। अब तक शिक्षकों को सेंटर में पारंगत किया जाता था। देश दुनिया में होने वाले बदलाव के बारे में शिक्षकों को ट्रेनिंग दी जाती थी।