सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन(सीबीएसई) 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के शुरू होने में एक महीने से भी कम समय रह गया है। परीक्षा के दिनों में स्टूडेंट्स के साथ अभिभावकों की भी टेंशन बढ़ जाती है। यूटी के शिक्षा विभाग ने बोर्ड एग्जाम की तैयारी में जुटे स्टूडेंट्स के लिए शुक्रवार से हेल्पलाइन सेवा शुरू की है।
जानकारी अनुसार चंडीगढ़ शिक्षा विभाग की ओर से 16 एक्सपर्ट की कमेटी तैयार की गई है। इसमें सभी विषयों के एक्सपर्ट, प्रिंसिपल और काउंसलर शामिल हैं। इन नंबरों पर स्टूडेंट और पैरेंट्स किसी भी समस्या के लिए संपर्क कर सकते हैं। अधिकारियों के अनुसार हेल्पलाइन सेवा 10 फरवरी से 15 मार्च तक जारी रहेगी। हेल्पलाइन नंबरों पर दोपहर 2 बजे से शाम 7.30 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।
गौरतलब है कि सीबीएसई 10वीं की परीक्षा 9 मार्च से 10 अप्रैल तक और 12वीं की परीक्षा 29 अप्रैल तक जारी रहेगी। उधर, शहर के प्राइवेट और सरकारी स्कूलों ने अपने स्तर पर भी स्पेशल काउंसलिंग सेशन शुरू किए हैं।
सीबीएसई की टोल फ्री हेल्पलाइन शुरू
सीबीएसई ने देश भर में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटे स्टूडेंट्स के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन सेवा शुरू कर दी है। जानकारी अनुसार स्टूडेंट हेल्पलाइन नंबर 1800118004 पर संपर्क कर सकेंगे। यह सेवा 29 अप्रैल तक जारी रहेगी। स्टूडेंट सीबीएसई वेबसाइट पर ईमेल से भी काउंसलर से संपर्क कर सकते हैं।
शिक्षा विभाग की एग्जाम हेल्पलाइन से स्टूडेंट्स के साथ ही अभिभावरकों को भी लाभ मिलेगा। घर बैठे ही एक्सपर्ट से संपर्क किया जा सकेगा। सभी विषयों के काफी अनुभवी एक्सपर्ट को टीम में शामिल किया गया है। हेल्पलाइन का फीडबैक भी लिया जाएगा।
रुबिंदरजीत सिंह बराड़, डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन यूटी