पंजाब यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव में दो दिन रहने के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था में 27 खुफिया कैमरे भी तैनात कर दिए हैं। रातोंरात लगाए इन कैमरों की नजर कैंपस के चप्पे-चप्पे पर होने वाली गतिविधियों पर होगा। हालांकि, इन कैमरों की जानकारी पुलिस के कुछ ही अधिकारियों के संज्ञान में है। इन कैमरों से मिलने वाली जानकारी सीधे थाना प्रभारी व डीएसपी सेंट्रल के पास होगी। पुलिस सूत्रों के अनुसार हुड़दंग या अवैध सामान सहित कैमरे में आने पर पुलिस प्रिवेंटिव एक्शन के तहत गिरफ्तारी भी कर सकती है।
पीयू के तीनों गेट पर ट्रैफिक पुलिस तैनात
पीयू के तीनों गेटों पर ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी गई। यह सिक्योरिटी चुनाव के एक दिन बाद तक होगी। तैनात पुलिस जवान ट्रैफिक संचालक के साथ ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान भी करेंगे। डीएसपी रामगोपाल ने बताया कि कैंपस व हॉस्टल के बाहर पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी। किसी तरह भी संदिग्ध व्यक्ति की एंट्री नहीं होनी दी जाएगी।
पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
डीएसपी रामगोपाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शाम को 5 बजे कैंपस के अंदर फ्लैग मार्च निकाला। करीब डेढ़ घंटे के फ्लैग मार्च में पुलिस के 150 कर्मी मौजूद थे। पुलिस ने कैंपस में बेवजह घूमने वाले लोगों को हिदायत देने के साथ नियमों का पालना करने का निर्देश दिया। पुलिस टीम ने सबको अपना आईडी कार्ड लेकर चलने का आर्डर भी किया। डीएसपी ने अलग-अलग पार्टी नेताओं को मीटिंग में बुलाया और पीयू सिक्योरिटी को भी निर्देश जारी किए।