पंजाब यूनिवर्सिटी में विदेशी स्टूडेंट की संख्या पहले की तुलना में घट गई है। आंकड़े के मुताबिक, साल 2016-17 में जहां उनकी संख्या 225 थी, वहीं यह अब घटकर 176 रह गई है। इससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि विदेशी छात्रों का रुझान पंजाब यूनिवर्सिटी के प्रति कम हो रहा है। हालांकि विवि इस आंकड़े को बढ़ाने के प्रयास में जुटा है। इसके लिए पीयू प्रबंधन की ओर से लगातार नई-नई योजनाएं लाई जा रही हैं। साथ ही विदेशी शिक्षण संस्थानों से करार किए जा रहे हैं। हालांकि अभी विदेशी विद्यार्थियों की संख्या में इजाफा नहीं हो रहा है। यह बात पीयू की ओर से पिछले चार सालों के आंकड़ों से जाहिर है।
ईरान के स्टूडेंट सबसे ज्यादा
पंजाब यूनिवर्सिटी में इस समय में ईरान के स्टूडेंट सबसे ज्यादा हैं। पीयू में पढ़ाई कर रहे ईरानी स्टूडेंट्स की संख्या 53 है। वहीं, कनाडा के 36 जबकि अमेरिका के 19 विद्यार्थी यहां पढ़ाई कर रहे हैं। इसके अलावा एनआरआई स्टूडेंट्स की संख्या 25 है। वर्तमान समय में विश्व के 25 देशों के स्टूडेंट पीयू में पढ़ाई कर रहे हैं। इनमें आस्ट्रेलिया, जर्मनी, न्यूजीलैंड, ब्राजील, स्वीडन आदि देशों के छात्र भी शामिल हैं। पंजाब यूनिवर्र्सिटी के डाटा के अनुसार 2016-17 में विदेशी छात्रों की कुल संख्या 225 थी। 2017-18 में यह आंकड़ा 176 का रह गया है। वहीं, 2014-15 में विदेशी छात्रों की संख्या 146 थी। इसके बाद इसमें लगातार तेजी देखी गई और 2015-16 में आंकड़ा 205 तक पहुंच गया था।
रैंकिंग पर पड़ता है असर
किसी भी विश्वविद्यालय की रैंकिंग बढ़ाने में वहां पढ़ रहे विदेशी स्टूडेंट का भी इंडिकेटर होता है। अगर किसी विश्वविद्यालय में विदेशी छात्रों की संख्या लगातार बढ़ रही है तो रैंकिंग मेें सुधार होता है।
पिछले चार सालों का आंकड़ा
देश सत्र 2014-15 2015-16 2016-17 2017-18
अफगानिस्तान 34 45 40 11
आस्ट्रेलिया 3 4 4 4
कनाडा 29 38 33 36
ईरान 50 57 61 53
म्यांमार 2 4 4 3
न्यूजीलैंड 0 1 0 0
नेपाल 1 3 3 2
स्वीडन 1 0 0 0
किस सत्र में कितने विदेशी छात्र
सत्र छात्रों की संख्या
2014-15 146
2015-16 205
2016-17 225
2017-18 176