शहर के प्राइवेट स्कूलों में शिक्षा के अधिकार के तहत ईडब्ल्यूएस कोटे के 125 स्टूडेंट्स की सीटें खाली पड़ी हैं। दाखिला प्रक्रिया की डेट लाइन 30 अप्रैल थी। शिक्षा विभाग ने अब तक इस दाखिले के लिए ड्रॉ नहीं निकाला है। शिक्षा के अधिकार के तहत शहर के 16 प्राइवेट स्कूलों को 30 अप्रैल के अंदर सभी सीटों पर दाखिला करना था, लेकिन यह हो नहीं पाया। प्रशासन ने इस बार आय प्रमाण पत्र का क्राइटेरिया रखा है कि अभिभावकों की वार्षिक आय 1.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इस बार कई अभिभावकों ने आय प्रमाण पत्र के लिए अप्लाई किया था लेकिन कई अभिभावकों को अब तक यह नहीं मिला है। इस कारण बच्चों का दाखिला रुक गया है।
सबसे ज्यादा सीटें मानव मंगल सेक्टर-21, शिशु निकेतन सेक्टर-22 और 43, बाल निकेतन मॉडल स्कूल सेक्टर-37 और टेंडर हार्ट सेक्टर-33, ज्ञानदीप मॉडल स्कूल में खाली पड़ी हैं। शिक्षा के अधिकार के तहत तीन किलोमीटर के दायरे में पहली से आठवीं कक्षा के बच्चों को यह दाखिला दिया जाता है। इसके लिए बच्चों को आयु प्रमाण पत्र, रेजिडेंस प्रूफ, आय प्रमाण पत्र स्कूल में जमा कराना होगा। अगर यह नहीं नहीं होंगे तो ईडब्ल्यूएस कोटे के स्टूडेंट्स को दाखिला नहीं मिलेगा।
प्राइवेट स्कूलों की ईडब्ल्यूएस कोटे की सीटों को भरने के लिए ड्रॉ निकाला जाएगा। इसकी डेट जल्द ही फाइनल की जाएगी। शिक्षा विभाग अपने स्तर पर सर्वे कर स्कूलों की सीटें भरेगा।
- रूबिंदर जीत सिंह बराड़, डीएसई, चंडीगढ़ शिक्षा विभाग