पंजाब भवन में लगे मोबाइल टावर पर चढ़े ईटीटी टीचर दो दिन बाद भी टावर से नीचे नहीं उतरे हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा उनको मनाने की कोशिशें शुक्रवार को भी जारी रहीं, लेकिन दोनों टीचर नहीं माने और टावर पर ही चढ़े हुए हैं। टावर के नीचे पुलिस, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां व एंबुलेंस तैनात है।
टावर पर चढ़े दीपक और राकेश पंजाब के मुख्यमंत्री से मीटिंग की मांग को लेकर अड़े हुए हैं। शुक्रवार को भी दोनों टीचरों से बात कर उनसे नीचे उतरने की अपील की गई। लेकिन वे नीचे उतरने के लिए नहीं तैयार हुए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे ऊपर जाकर टीचरों से जबरदस्ती नहीं कर सकते हैं। दोनों नीचे कूदने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस भी अब उनके थककर खुद नीचे उतरने का ही इंतजार कर रही है।
दीपक और राकेश बुधवार रात करीब एक बजे पंजाब भवन के अंदर घुसे गए थे। मौका मिलते ही उसी रात करीब तीन बजे दीपक और राकेश पंजाब भवन के 80 फुट ऊंचे मोबाइल टावर पर जाकर बैठ गए थे। दीपक और राकेश के पास तीन बैग हैं, जिसमें पेट्रोल की बोतल और खाने का सामान है।