चंडीगढ़ शिक्षा विभाग ने रविवार को निर्णय लिया है कि शहर के सभी सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे बच्चों के नतीजे 31 मार्च को डिजिटल तरीके से जारी किए जाएंगे। इस दौरान पहली कक्षा से आठवीं कक्षा तक के नतीजे घोषित किए जाएंगे। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 9वीं और 11वीं कक्षा का रिजल्ट सभी स्कूलों की वेबसाइट पर दिया जाएगा।
विद्यार्थियों के नतीजे परिजनों को मैसेज, वॉट्सएप ग्रुप और ई-मेल के जरिए बताए जाएंगे। इसके साथ सरकारी स्कूलों के खुलने के बाद बच्चों को रिपोर्ट कार्ड जारी किया जाएगा। वही नौवीं और ग्यारहवीं कक्षा का रिजल्ट स्कूल की वेबसाइट के साथ व्हाट्सएप और ईमेल के जरिए भी अभिभावकों को भेजा जाएगा।
नतीजों के लिए इन नंबर्स पर करें संपर्क
नए अकादमिक सत्र से जुड़े मामले पर छात्रों और पेरेंटस के सवालों के जवाब देने के लिए विभाग ने हेल्पलाइन नंबर्स भी जारी किए हैं। इन पर सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक फोन कर जानकारी हासिल की जा सकती है। इस संबंध में जीएमएसएसएस-16 के टीचर संजय से 98144-55466 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
इसके अलावा डीईओ कार्यालय में 0172-5021695, जीएमएसएसएस-33 की प्रिंसिपल बिंदू से 98726-62994 पर, जीजीएमएसएसएस-18 की टीचर अमृता से 98554-05913 पर, जीएमएसएसएस-21 की प्रिंसिपल सुखपाल से 78886-04425 पर और जीजीएमएसएसएस-18 की टीचर जसपाल कौर से 98723-41016 पर कॉल करके संपर्क कर सकते हैं।
वायरस के चलते सेशन होगा लेट
कोरोना वायरस की वजह से इस बार अप्रैल में शुरू होने वाला सत्र भी लेट हो सकता है। ऐसे में पेरेंटस को यही चिंता सता रही है कि वायरस के केस बढ़ने से स्कूलों में छुट्टियां भी बढ़ सकती है। वहीं स्कूल प्रशासन की ओर से पेरेंट्स टीचर मीटिंग भी रद्द कर दी गई हैं। ऐसे में सोशल मीडिया ग्रुप और स्कूल वेबसाइट के जरिए बच्चों को अगली क्लासेज के लिए प्रमोट किया जा रहा है। इसी तरह ही सोशल मीडिया के जरिए ही नई क्लासेज की बुक्स डिटेल भी पेरेंट्स को भेजी जा रही है।