नए शिक्षा सत्र से दाखिले की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब चंडीगढ़ में पंजाब यूनिवर्सिटी, उससे संबंधित कॉलेजों या गवर्नमेंट एडेड कॉलेजों में साइंस स्ट्रीम की एडमिशन के लिए भी सेंट्रलाइज्ड प्रक्रिया अपनाई जाएगी। यानी अब साइंस स्ट्रीम में दाखिला लेने के लिए एक ही फार्म भरना होगा और कट ऑफ लिस्ट व काउंसलिंग के बाद एडमिशन मिलेगा। जबकि अभी तक बीकॉम में दाखिले के लिए ही इस प्रक्रिया को अपनाया जाता था।
एमएचआरडी से नोटिंग आने के बाद दाखिले की प्रक्रिया को सेंट्रलाइज्ड करने पर काम शुरू कर दिया गया है। इसका फायदा स्टूडेंट्स को होगा। अगर यह योजना लागू हुई तो साइंस कोर्स में एडमिशन लेने के लिए छात्रों को चंडीगढ़ के कॉलेजों के लिए एक ही फार्म भरना होगा। अभी तक सभी कॉलेजों के लिए अलग-अलग फार्म भरने की प्रक्रिया है। इस सिस्टम के लागू होने से इस झंझट से छुटकारा मिलेगा। यह योजना राष्ट्रीय उच्च शिक्षा अभियान के तहत शुरू की जा रही है।