चंडीगढ़ के 20 सरकारी स्कूलों में 11वीं में दाखिले के लिए रजिस्ट्रेशन का मंगलवार को आठवां दिन था। अभी रजिस्ट्रेशन पोर्टल बन्द होने में छह दिन बाकी हैं पर उससे पहले ही विभाग के पास स्कूलों में खाली सीटों के बराबर आवेदन आ गए हैं। जानकारी के अनुसार, 21 जुलाई को शिक्षा विभाग ने 20 सरकारी स्कूलों में 11वीं की 12500 सीट के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू किया था।
मंगलवार शाम साढ़े छह बजे तक विभाग के पास 12181 आवेदन और 16169 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन किया है। जिला शिक्षा अधिकारी हरबीर सिंह आनंद ने बताया कि उनके पास उम्मीद से ज्यादा आवेदन आए हैं। इस बार विभाग ने दो काउंसलिंग ही करवाने का फैसला लिया है, लेकिन मंगलवार शाम तक हमारे पास 11वीं में खाली सीट से लगभग 4 हजार ज्यादा रजिस्ट्रेशन हुए हैं।
पिछले साल विभाग को करवानी पड़ी थीं सात काउंसलिंग
जानकारी के अनुसार पिछले वर्ष भी 11वीं में सेंट्रलाइज्ड दाखिले में तय सीट से काफी ज्यादा आवेदन आए थे। तब भी विभाग को बच्चों को दाखिला देने के लिए दो की बजाय सात काउंसलिंग करवानी पड़ी थी। 2019-20 के सेशन में बाहरी राज्यों और निजी स्कूलों के बच्चों के आने के कारण दाखिले में बहुत ज्यादा मारामारी हुई।
शिक्षा विभाग की तरफ से छह काउंसलिंग करवाने के बाद भी पहले से सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे 4 हजार बच्चों को सरकारी स्कूल में दाखिला नहीं मिला था। अगस्त में विद्यार्थियों और परिजनों के प्रदर्शन के बाद विभाग ने 4 सरकारी स्कूलों में आर्ट्स स्ट्रीम शुरू की और सातवीं काउंसलिंग करवाकर इन 4 हजार बच्चों को एडमिट किया।