12वीं कर चुके स्टूडेंट्स के लिए होटल मैनेजमेंट क्षेत्र में करियर बनाने का अच्छा मौका है। सौ फीसदी रोजगार के अवसर मिलेंगे। डेढ़ साल के डिप्लोमा कोर्स के बाद होटल मैनेजमेंट के क्षेत्र में नौकरी मिल सकती है। स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट में तीन अलग-अलग कोर्सों के विकल्प मौजूद हैं। आप जिसे चाहे उसे चुनकर अपना कॅरिअर आगे बढ़ा सकते हैं।
दरअसल, स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट तिलियार में बेकरी एंड कंफेक्शनरी, एफएमबी सर्विस और टू प्रोडक्शन के तीन डिप्लोमा कोर्स संचालित हैं। तीनों कोर्सों में मिलाकर 100 सीटें हैं। एडमिशन के समय जनरल कैटेगरी के छात्र की उम्र 25 साल और रिजर्व कैटेगिरी के छात्र की उम्र 28 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए।
इन कोर्सों की खास बात यह है कि छात्र सीधे 12वीं के बाद प्रवेश ले सकते हैं और मात्र डेढ़ साल का कोर्स करना होगा। इसके बाद रोजगार के अवसर प्रदान होंगे। छात्र को एक साल तक थ्योरी और अन्य प्रोजेक्ट कराएं जाते हैं, जबकि बाकी छह माह में इंडस्ट्री की विजिट कराई जाती है।
तीनों कोर्सों के लिए फिलहाल ऑनलाइन आवेदन चल रहे हैं, जिसकी अंतिम तिथि 8 जुलाई है। इसके बाद काउंसिलिंग और मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। डिप्लोमा कोर्सों में प्रवेश के बाद 21 जुलाई से क्लास शुरू कर दी जाएगी।