अब कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों में स्टूडेंट्स लेट हुए तो खैर नहीं होगी। एक नई व्यवस्था शुरू की गई है, जिसका ऐलान भी कर दिया गया है। पंजाब के तकनीकी शिक्षामंत्री चरनजीत सिंह चन्नी ने एलान किया कि सभी इंजीनियरिंग कॉलेजों, पॉलीटेक्निक और आईटीईआई में बायोमीट्रिकहाजिरी शुरू की जाएगी। विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान चन्नी ने कहा कि यह व्यवस्था स्टूडेंट्स और स्टाफ दोनों के लिए होगी।
चन्नी ने कहा कि राज्य सरकार होनहार विद्यार्थियों के लिए स्कॉलरशिप स्कीम लाएगी, जोकि अच्छे खिलाड़ियों पर भी लागू होगी। उन्होंने कहा कि सरकारी संस्थानों के टीचर निजी संस्थानों की तुलना में ज्यादा शिक्षित और वेतन प्राप्त हैं, इसलिए सौ फीसदी दाखिले का लक्ष्य पूरा किया जाएगा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भ्रष्टाचार और पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी प्रमोशन सिर्फ परफॉर्मेंस के आधार पर होंगे।
उन्होंने संस्थान प्रमुखों से अपने स्तर पर उद्योगों और मल्टी नेशनल कंपनियों केसाथ तालमेल करने को कहा। चन्नी ने कहा कि परीक्षाओं में नकल किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यालय के सीनियर अफसरों को नियमित रूप से जांच करने को कहा गया। उन्होंने एलान किया कि सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले तीन प्रिंसिपल और तीन टीचरों को हर साल सम्मानित किया जाएगा। मीटिंग में अतिरिक्त मुख्य सचिव एमपी सिंह, सचिव केएस पन्नू भी मौजूद थे।