स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफार्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स में दाखिला चाहिए तो इस तारीख तक स्टूडेंट्स रजिस्ट्रेशन कर सकते है। एडमिशन प्रक्रिया के लिए पहली बार निजी कंपनी को जिम्मेदारी दी गई है। यूनिवर्सिटी में होने वाले ऑनलाइन एडमिशन का पूरा कामकाज कंपनी ही देखेगी।
इस संबंध में बुधवार को कंपनी के साथ एमओयू साइन किया गया। रजिस्ट्रार वेद नांदल ने बताया कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया कई दिनों से चल रही थी। 12 मई तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन होंगे। इस दौरान एक मई से 15 मई तक ऑनलाइन टेस्ट होंगे। 16 मई को ऑनलाइन टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
2 जून को विद्यार्थी दूसरे टेस्ट के लिए आवेदन कर सकते हैं। 28 से 30 जून तक दूसरा टेस्ट लिया जाएगा और 7 जुलाई तक फाइनल परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। 24 से 27 जुलाई तक पहली काउंसिलिंग प्रक्रिया होगी। 28 से 31 जुलाई तक दूसरी और 1 से 3 अगस्त तक तीसरी काउंसिलिंग की जाएगी।
यूनिवर्सिटी में 7 अगस्त से नए सत्र की शुरुआत कर दी जाएगी। विद्यार्थियों को आवेदन से लेकर एडमिशन की अन्य प्रक्रिया में कोई समस्या न हो, इसके लिए निजी कंपनी को यह जिम्मेदारी दी गई है।