चंडीगढ़ के 12 कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 36 ग्रेजुएट कोर्स में एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। चंडीगढ़ शिक्षा विभाग ने इस बार शहर के गवर्नमेंट और प्राइवेट फंडेड कॉलेजों के लिए सेशन 2020-21 दाखिले के लिए ज्वॉइंट प्रॉस्पेक्टस तैयार किया है। विभाग ने शुक्रवार को अपनी वेबसाइट http://www.dhe.chd.gov.in पर प्रॉस्पेक्टस जारी किया।
प्रॉस्पेक्टस लांच करने के साथ ही स्टूडेंट्स के बीच अपने पसंदीदा कॉलेज में दाखिला लेने की होड़ शुरू हो गई है। दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया 27 जुलाई से शुरू होगी। शिक्षा विभाग द्वारा ग्रेजुएट कोर्स के लिए जारी प्रोस्पेक्टस के तहत शहर के 12 कॉलेजों में 16 हजार सीटों के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू होगी। स्टूडेंट्स विभाग की वेबसाइट पर जाकर प्रॉस्पेक्टस को घर बैठे डाउनलोड कर सकते हैं।
स्टूडेंट्स की सुविधा के लिए प्रॉस्पेक्टस में हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। ट्राइसिटी के अलावा दूसरे राज्यों के छात्रों के लिए चंडीगढ़ के कॉलेज पढ़ाई के लिए पहली पसंद हैं। हर साल पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, लद्दाख और उत्तर प्रदेश आदि राज्यों के स्टूडेंट्स बड़ी संख्या में कॉलेजों में दाखिला लेने के लिए आवेदन करते है।
कॉलेज में सीट कंफर्म का मैसेज से चलेगा पता
शिक्षा विभाग ने प्रॉस्पेक्टस में लिखा है कि इस बार पूरी दाखिला प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। काउंसिंलिंग या डॉक्यूमेंट सबमिट करने के लिए विद्यार्थी को कॉलेज आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसलिए विद्यार्थी अपना ईमेल एड्रेस और फोन नंबर सही उपलब्ध करवाएं, क्योंकि विद्यार्थी को सीट कन्फर्मेशन की जानकारी मैसेज के माध्यम से दी जाएगी। इसलिए विद्यार्थी दाखिला खत्म होने तक फॉर्म में दिए गए नंबर को चालू रखें जिससे स्टाफ को संपर्क करने में परेशानी नहीं हो।
कोविड के चलते नहीं शुरू किया कोई नया कोर्स
कोविड-19 के चलते इस बार किसी भी कॉलेज में कोई नया कोर्स नहीं शुरू किया गया है। शिक्षा निदेशक रुबिंदरजीत सिंह बराड़ ने बताया कि इस बार कोविड-19 के चलते पहली बार बीए के दाखिले ऑनलाइन करवाए जा रहे हैं। इस बार 2020-21 का प्रॉस्पेक्टस पीजीजीसीजी-42 ने तैयार किया है।
बीए में सर्वाधिक 7800 सीटें
शहर के 12 कॉलेजों में बीए में 7800 सीटें हैं। पीजीजीसी-11 में 500, पीजीजीसीजी-11 में 650, पीजीजीसीजी-42 में 600, पीजीजीसी-46 में 400, डीएवी-10 में 1000, एसजीजीएस-26 में 2200, जीजीएससीडब्ल्यू -26 में 450, एसडी-32 में 800, एमसीएम-36 में 800, देव समाज -45 में 400 सीटें हैं।
इसके अलावा शिक्षा विभाग ने ग्रेजुएट लेवल के 36 कोर्सेज के सीटों की लिस्ट जारी की है। विद्यार्थी इसे http://www.dhe.chd.gov.in पर जाकर देख सकते हैं। इसके साथ ही प्रॉस्पेक्टस में हर कोर्स के लिए एलिजिबिलिटी भी विस्तार से बताई गई है।