पीयू कैंपस में स्थापित अंकुर स्कूल में इस बार सीटों के बंटवारे को लेकर नियमों में बदलाव किया गया। प्री नर्सरी में जो भी दाखिले होंगे, उसमें 60 फीसदी सीटें पंजाब यूनिवर्सिटी के शिक्षकों के बच्चों के लिए आरक्षित रहेंगी और बाकी 40 फीसदी सीटें बाहरी बच्चों से भरी जाएंगी। यह आदेश इसी शैक्षिक सत्र से लागू हो रहा है। अंकुर स्कूल पंजाब यूनिवर्सिटी की जमीन पर बना हुआ है, इसलिए वहां का इस स्कूल पर अधिक हक है।
इसी को ध्यान में रखते हुए प्रबंध समिति ने स्कूल में सीटों की संख्या का सर्वाधिक हिस्सा पीयू के शिक्षकों के बच्चों के लिए दिया है। समिति में वाइस चांसलर की पत्नी अध्यक्ष और बाकी पीयू के कई प्रोफेसर सदस्य हैं। सीटों को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें तय हुआ कि प्रीनर्सरी की 100 सीटों में से 60 सीटें इन शिक्षकों के बच्चों के लिए होंगी और बाकी सीटें अन्य बच्चों के लिए। दाखिले के लिए ड्रॉ 21 जनवरी को होगा।
प्रीनर्सरी की कुल सीटों में से 60 फीसदी पीयू के शिक्षकों के बच्चों लिए बुक की गई हैं। ड्रॉ 21 को होगा, इसकी तैयारी की जा रही है।
- डॉ. परमिंदर दुग्गल, प्रिंसिपल