अमर उजाला की ओर से आयोजित ‘हमराही’ छात्रवृत्ति परीक्षा में चयनित अभिकर्ताओं के बच्चों को चंडीगढ़ सेक्टर-9डी स्थित अमर उजाला कार्यालय में आयोजित समारोह में चेक बांटे गए। पंचकूला विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने बतौर मुख्यातिथि कार्यक्रम में शिरकत की और छात्राओं को छात्रवृत्ति के चेक वितरित किए। छात्राओं के परिजन और प्रिंसिपल भी इस आयोजन के गवाह बने। अमर उजाला ने अपने अभिकर्ताओं के मेधावी बच्चों की पढ़ाई में आर्थिक सहयोग के लिए दो सितंबर को छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन चंडीगढ़ यूनिट कार्यालय में किया था।
इसमें यूनिट से तीन टॉप छात्राओं का मेरिट से चयन किया गया। तीनों छात्रों को दस हजार की छात्रवृत्ति दी गई। परीक्षा में यूनिट से जुड़े अभिकर्ताओं के कक्षा नौ से 12वीं तक के स्टूडेंट्स ने भाग लिया था। परिणाम के आधार पर टॉप तीन छात्राओं का चयन कर उन्हें सोमवार को चेक बांटे गए। उत्साहित छात्र अपने परिजनों (अभिकर्ता) के साथ आए थे तो कुछ छात्र अपने टीचर्स को भी साथ लाए थे। चेक लेते ही उनके चेहरे में कामयाबी की खुशी साफ झलक रही थी।
इन्हें मिली छात्रवृत्ति
इसमें जीएमएसएच-32 चंडीगढ़ से 12वीं में 90 फीसदी अंक हासिल करने वाले अभिषेक शर्मा को दस हजार का चेक दिया गया। इनके पिता प्रवीण कुमार और माता मोनिका कालिया और स्कूल की प्रिंसिपल निरंजना खोसला मौके पर उपस्थित रहीं। न्यू इंडिया स्कूल सेक्टर-15 पंचकूला के मोहित कुमार को भी दस हजार का चेक दिया गया। इस मौके पर उनके पिता योगेश कुमार और माता सीमा रानी के साथ स्कूल की प्रिंसिपल शारदा गुप्ता भी मौजूद रहीं। तीसरा पुरस्कार ईशा वर्मा को दिया गया। वह सेंट सोल्जर डिवाइन पब्लिक स्कूल-16 पंचकूला की छात्रा है। इस मौके पर उनके पिता धर्मेंद्र वर्मा और माता लक्ष्मी वर्मा उपस्थित रहीं।
विधायक ने दिए कामयाबी के टिप्स
कार्यक्रम के मुख्यातिथि विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने छात्रों को सफलता के टिप्स देते हुए कहा कि जीवन में हमेशा एक लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करनी चाहिए। उन्होंने छात्रों से कहा कि यदि आपके पास इंटेलीजेंसी, लेबर और प्लानिंग में से कोई दो गुण है तो सफलता निश्चित है। यदि आप इंटेलीजेंट नहीं है और आपकी प्लानिंग और लेबर व्यवस्था ठीक है तो कामयाब हो जाओगे। उन्होंने अमर उजाला की छात्रवृत्ति योजना की प्रशंसा करते छात्रों से इसका बेहतर इस्तेमाल करने को कहा। उन्होंने कहा कि इस चेक से छात्रों को जो सपोर्ट मिलेगा उसकी कल्पना ये बच्चे ही कर सकते हैं। अमर उजाला का ये प्रयास सराहनीय है।
आईएएस बनना चाहता हूं
पापा ने हमेशा मेरा उत्साह बढ़ाया है। मैं आगे की पढ़ाई कर आईएएस बनना चाहता हूं। मैंने 12वीं में 90 फीसदी अंक हासिल किए हैं। मैं अपनी ग्रेजुएशन की तैयारी करना चाहता हूं। मैंने कभी स्कॉलरशिप नहीं हासिल की थी। अमर उजाला का यह प्रयास सराहनीय है। - अभिषेक शर्मा, जीएमएसएसएस-32, चंडीगढ़
आर्किटेक्चर बनना चाहता हूं
मेरे मम्मी-पापा ने बचपन से ही पसंद के सब्जेक्ट दिलाए। मैंने 10वीं में 82 फीसदी अंक हासिल किया है। छात्रवृत्ति की धनराशि से मेरी पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता देगी। - मोहित कुमार, न्यू इंडिया स्कूल सेक्टर-15 पंचकूला
अमर उजाला का अच्छा प्रयास
10वीं में 92 प्रतिशत मार्क्स आए तो घर वालों की उम्मीद और बढ़ गई। अब मैं 12वीं भी अच्छे नंबर से पास करना चाहती हूं। इसके बाद मैं भी आर्किटेक्चर के फील्ड में जाऊंगी। अमर उजाला की छात्रवृत्ति से पापा को काफी हेल्प मिलेगी। - ईशा वर्मा, सेंट सोल्जर डिवाइन पब्लिक स्कूल, सेक्टर-16 पंचकूला