चंडीगढ़। चेक रिपब्लिक में सितंबर में वाटर स्पोर्ट्स की वर्ल्ड चैंपियनशिप का आयोजन किया जाना है। इसमें हिस्सा लेने वाली भारतीय टीम के चयन के लिए कैंप सुखना लेक पर लगाया जा रहा है। इसमें देशभर से जूनियर, सीनियर, पुरुष, महिला वर्ग में 75 खिलाड़ी शिरकत करेंगे। यह सभी खिलाड़ी एक अगस्त से सुखना लेक पहुंचना शुरू हो रहे हैं। यह जानकारी शहर के कोच दीपक कुमार ने दी।
उन्होंने कहा कि शहर में नेशनल लेवल का कैंप लगने से स्थानीय खिलाड़ियों को काफी कुछ सीखने को मिलता है। इसमें कैयाकिंग, कैनोइंग, ड्रैगन बोट के खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं। कैंप कैयाकिंग, कैनोइंग, ड्रैगन बोट फेडरेशन की ओर से लगाया जा रहा है। सुखना लेक को वाटर स्पोर्ट्स का बेहतर हब माना जाता है। इससे पहले वर्ष 2018 में एशियन गेम्स और 2018 मे वर्ल्ड यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप का कैंप भी यहीं लगाया गया था।
शहर के चार खिलाड़ियों का हुआ चयन
चेक रिपब्लिक में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए शहर के चार खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इनमें तीन खिलाड़ी पंजाब यूनिवर्सिटी से जसकीरत बराड़, गुरुसा, अर्पिता मलिक सीनियर वर्ग में हैं। जूनियर वर्ग में क्रिश पंडिर का नाम शामिल है।
पानी के अंदर बढ़ाई जाएगी ताकत
कोच दीपक कुमार ने बताया कि वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए सुखना लेक पर शुरू होने वाले कैंप में खिलाड़ियों की फिटनेस और पानी के अंदर उनकी ताकत बढ़ाने पर अधिक फोकस किया जाएगा। इस कैंप में जूनियर और सीनियर खिलाड़ियों का मिश्रण है। ऐसे में इन खिलाड़ियों से चैंपियनशिप में बेहतर करते हुए मेडल जीतने की पूरी उम्मीद रहेगी।