चंडीगढ़। अपनी लंबित मांगों को लेकर ट्राइसिटी के कैब चालक फिर हड़ताल पर जाने की तैयारी में हैं। चंडीगढ़ ट्राइसिटी कैब ड्राइवर यूनियन ने सोमवार को घोषणा की कि अगर दो सितंबर तक स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी की तरफ से नई एग्रीगेटर नीति को लागू नहीं किया गया तो तो कैब चालक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। चंडीगढ़ कैब ड्राइवर यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि 24 जुलाई 2024 को प्रस्तुत किए गए एग्रीगेटर नीति के मसौदे पर सुझाव और आपत्तियों की अंतिम तिथि 9 अगस्त निर्धारित की गई थी। अब करीब 15 दिन बीत चुके हैं लेकिन अभी तक अधिसूचना जारी नहीं की गई है। इसके साथ ही, कैब के न्यूनतम और अधिकतम किराए तय करने के लिए भी आवश्यक अधिसूचना अब तक लंबित है। इस देरी के चलते कैब ड्राइवरों को गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी आजीविका पर गहरा असर पड़ा है। इस स्थिति को देखते हुए यूनियन ने निर्णय लिया है कि यदि दो सितंबर तक अधिसूचनाएं जारी नहीं की जाती हैं तो वह अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे।