हफ्ते भर की देरी से आया मानसून आखिरकार 10 अक्तूबर को हरियाणा, राजस्थान, चंडीगढ़ और दिल्ली से अलविदा कह गया और अब सर्दी से बचकर रहें। हालांकि दो दिनों में ही वायु प्रदूषण का स्तर कई शहरों में दोगुना तक बढ़ गया है। मौसम विशेषज्ञों ने 12 अक्तूबर के बाद हरियाणा और इसके आसपास के राज्यों में पराली जलने से हवा और बिगड़ने की आशंका जताई है। स्काईमेट के मुताबिक, मानसून की वापसी की सीमा रेखा इस समय गुरदासपुर, चंडीगढ़, हरिद्वार, बहराइच, सुल्तानपुर, ओरई, सवाई माधोपुर और जालौर से होकर गुजर रही है।
चार महीने के सीजन में मानसून देश में जहां सामान्य से ज्यादा बरसा, वहीं हरियाणा में 43 प्रतिशत कम पानी दे गया। पाकिस्तान पर विपरीत चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित होने से आर्द्र हवाओं का प्रवाह अब कम हो गया है। साथ ही बीते कुछ दिनों से बारिश बंद हो गई है। इसलिए मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो गई हैं। आमतौर पर 15 सितंबर तक हरियाणा से लौटने वाला मानसून वीरवार को विदा हो गया। दूसरी तरफ अब धान की कटाई के बाद पराली जलने से वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने की आंशका है।
दशहरे पर पुतलों के दहन और आतिशबाजी के बाद इस वक्त दिल्ली से भी करनाल की हवा ज्यादा खराब है। वीरवार को करनाल में वायु प्रदूषण का स्तर एक्यूआई 233 दर्ज किया गया। यही हाल हाईवे किनारे स्थित औद्योगिक शहर पानीपत का रहा, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 229 रहा। हालांकि उससे भी खराब स्थिति औद्योगिक शहर यमुनानगर की रही, जहां एक्यूआई 284 दर्ज किया गया, जबकि दिल्ली का एक्यूआई 211 रहा। इन शहरों में प्रदूषक तत्व पीएम 2.5 की मात्रा ज्यादा और खराब पाई गई है।
विशेषज्ञों ने आशंका जताई है कि आने वाले दिनों में सर्दी बढ़ने और पराली जलने के बाद इन शहरों की हवा और खराब हो सकती है। ऐसी स्थिति में सांस के रोगियों को ज्यादा परेशानी हो सकती है। चंडीगढ़ मौसम केंद्र ने 15 अक्तूबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है।
दो दिन में दोगुना तक बढ़ा प्रदूषण स्तर(प्रदूषक तत्व - पीएम 2.5)
यमुनानगर - 265- 284
करनाल- 113- 233
सोनीपत- 89-174
सिरसा-99-152
रोहतक- 57-111
पानीपत-114-229
नारनौल- 85-127
कुरुक्षेत्र-98-142
करनाल- 113-233
कैथल- 75-143
जींद-91-129
हिसार-91-126
फतेहाबाद-85-101
गुरुग्राम-78-171
भिवानी- 100-126
दिल्ली-112-211
रात का पारा सामान्य से चार डिग्री नीचे
रात अब ज्यादा सर्द होने लगी है। हिसार में वीरवार को रात का पारा सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे 17.4 दर्ज किया, वहीं रोहतक में दिन का तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे 31.3 दर्ज हुआ। हवा का रुख बदलने से रात में और सर्द बढ़ने के आसार हैं।
रात का तापमान (डिग्री सेल्यियस)
न्यूनतम-- सामान्य से कम
हिसार- 17.4 4
करनाल-17.4 2
नारनौल- 17.6 1
अंबाला- 18.7 1
कुरुक्षेत्र-18.5 0
सिरसा- 19.2 0