लोकसभा चुनाव के बाद अब पंजाब की खाली हुई पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। पंजाब में उपचुनाव अहम रहने वाले हैं, क्योंकि यह ही वर्ष 2027 विधानसभा चुनाव का नींव पत्थर रखेंगे।
यही कारण है कि सभी दलों ने इन चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंकने की तैयारी कर ली है। यहां तक कि चुनाव आयोग ने जालंधर वेस्ट सीट पर तो उपचुनाव की घोषणा भी कर दी गई है। 10 जुलाई को इस सीट के लिए मतदान होगा और 21 जून तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। यही कारण है कि सभी दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों का नाम फाइनल करने पर भी काम शुरू कर दिया है।
वर्ष 2022 विधानसभा चुनाव की बात की जाए तो जालंधर सीट पर प्राप्त वोट प्रतिशत से आम आदमी पार्टी, कांग्रेस व भारतीय जनता पार्टी के हौसले बुलंद हैं, वहीं लंबे समय बाद इस सीट पर अपना प्रत्याशी उतारने जा रहा शिरोमणि अकाली दल ने भी कड़ी टक्कर देने की तैयारी कर ली है। पिछली बार शिअद विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन में थी। लोकसभा चुनाव से पहले यह गठबंधन टूट गया था। यही कारण है कि इस बार शिअद भी इस सीट पर अपना प्रत्याशी उतारेगी। वर्ष 2017 का चुनाव भी शिअद यहां से नहीं लड़ पाई थी, क्योंकि उस समय गठबंधन में भाजपा ने यहां से अपना प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारा था।
2022 के विधानसभा चुनाव में जालंधर वेस्ट सीट पर आप प्रत्याशी शीतल अंगुराल ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने 4253 मतों से कांग्रेस प्रत्याशी सुशील कुमार रिंकू को मात दी थी। शीतल व रिंकू दोनों ही अब भाजपा में शामिल हो गए हैं। अगर वोट प्रतिशत की बात की जाए तो इस चुनाव में आप से शीतल अंगुराल ने (33.73), कांग्रेस से सुशील रिंकू ने (30.07), भाजपा से मोहिंदर भगत ने (28.81) और अनिल मीना बसपा ने (3.55) फीसदी वोट हासिल किए थे। इसी तरह वर्ष 2017 चुनाव की बात की जाए तो तब कांग्रेस प्रत्याशी सुशील रिंकू ने बड़ी जीत दर्ज की थी। कांग्रेस से रिंकू ने 49.33, भाजपा से मोहिंदर भगत ने 33.49 और आप से दर्शन लाल भगत ने 14.04 फीसदी वोट हासिल किए थे।
बता दें कि जालंधर वेस्ट सीट आप से विधायक शीतल अंगुराल के इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने के बाद खाली हुई थी। इसके अलावा जिन चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है, उनमें बरनाला, गिद्दड़वाहा, डेरा बाबा नानक और चब्बेवाल शामिल है। बरनाला से आप मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर, गिद्दड़वाहा सीट से विधायक अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, डेरा बाबा नानक से सुखजिंदर सिंह रंधावा और चब्बेवाल से डॉ. राजकुमार चब्बेवाल के लोकसभा चुनाव जीतने के कारण यहां पर उपचुनाव होने हैं। यहां भी जल्द ही चुनाव घोषित होने की चर्चा है।
लोकसभा चुनाव में जालंधर वेस्ट हलके में कांग्रेस व भाजपा में रही टक्कर
जालंधर सीट पर इस बार लोकसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने जीत दर्ज की है। जालंधर वेस्ट हलके में उन्हें भाजपा प्रत्याशी सुशील कुमार रिंकू से कड़ी टक्कर का सामना करना पड़ा है। यहां सुशील कुमार रिंकू को जहां 42,837 वोट पड़े, वहीं चन्नी 44,394 मत हासिल करके अपनी लीड बनाने में सफल रहे। आप प्रत्याशी पवन टीनू को यहां 15,629 और शिअद के मोहिंदर सिंह केपी को 2623 वोट पड़े। कांग्रेस लोकसभा चुनाव में अपने अच्छे प्रदर्शन को दोहराने, भाजपा शहरी वोट को लुभाने, आप अपने दो साल के कार्यों और शिअद क्षेत्रीय दल होने के नाते लोगों से समर्थन प्राप्त करने का प्रयास करेगी।
जालंधर वेस्ट पर 2022 विधानसभा चुनाव में दलों का वोट प्रतिशत
आम आदमी पार्टी 33.73
कांग्रेस 30.07
भाजपा 28.81
बसपा 3.55