-पंजाब की राजनीति को कुछ प्रमुख संदेश दे गया तरनतारन का उपचुनाव
-
पंकज शर्मा
अमृतसर। पंजाब की राजनीति में तरनतारन विधानसभा उपचुनाव को इस बार सिर्फ एक उपचुनाव भर नहीं माना जा रहा बल्कि 2027 के आगामी विधानसभा चुनावों की दिशा तय करने वाले एक महत्वपूर्ण संकेत के रूप में देखा जा रहा है। आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू ने 42,649 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की है जिसे पार्टी के लिए एक निर्णायक सफलता के रूप में देखा जा रहा है। यह जीत न सिर्फ सत्ताधारी दल के प्रति ग्रामीण इलाकों में जारी भरोसे को दर्शाती है बल्कि विपक्षी दलों के बदलते जनाधार को भी उजागर करती है।
हरमीत सिंह संधू की जीत यह दर्शाती है कि पिछले चुनाव में मिली भारी सफलता के बाद भी आम आदमी पार्टी का प्रभाव कम नहीं हुआ है। परंपरागत तौर पर तरनतारन एक राजनीतिक रूप से जटिल सीट रही है जहां किसान राजनीति, स्थानीय मुद्दों, धार्मिक प्रभाव और क्षेत्रीय असंतोष की भूमिका बड़े पैमाने पर देखी जाती रही है। ऐसे में आप का इस सीट पर मजबूत प्रदर्शन यह संकेत देता है कि पार्टी ने कम से कम इस क्षेत्र में संगठनात्मक पकड़ और विश्वसनीयता कायम रखी है।
2027 के चुनाव की दृष्टि से यह एक सकारात्मक संकेत है क्योंकि आप को अगले चुनाव में एंटी-इन्कम्बेंसी से निपटना होगा। तरनतारन जैसे राजनीतिक रूप से संवेदनशील इलाके में जीत यह दर्शाती है कि पार्टी अभी भी अपने कोर वोटर को साधे हुए है।
शिअद की वापसी की कोशिश
पिछले दो चुनाव से तीसरे स्थान पर सिमट चुका अकाली दल बादल इस उपचुनाव में 30,558 वोट हासिल कर दूसरे नंबर पर रहा है। सुखविंदर कौर का प्रदर्शन दर्शाता है कि पार्टी धीरे-धीरे अपने पारंपरिक ग्रामीण वोट बैंक में वापस पैठ बनाती दिख रही है। भले ही जीत से दूरी अब भी काफी है लेकिन दूसरे स्थान पर आना 2027 के चुनावों से पहले अकाली दल के लिए मनोबल बढ़ाने वाला परिणाम है। यह परिणाम बताता है कि यदि अकाली दल किसान संगठनों से अपने संबंध मजबूत करता है, संगठनात्मक स्तर पर सक्रियता बढ़ाता है और गठबंधन की रणनीति स्पष्ट रखता है, तो 2027 में यह पार्टी फिर से प्रतिस्पर्धा में लौट सकती है।
कट्टरपंथी राजनीति का सीमित असर
खालिस्तान समर्थित विचारधारा से जुड़े वारिस पंजाब दे–अकाली दल के उम्मीदवार मनदीप सिंह को 19,420 वोट मिले। यह संख्या यह दर्शाती तो है कि कट्टरपंथी विचारधारा का प्रभाव अभी भी इलाके में पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ, लेकिन यह भी स्पष्ट है कि मुख्यधारा की राजनीति ने इस बार इसे ज्यादा उभरने नहीं दिया। 2027 में ऐसी राजनीति का प्रभाव तभी बढ़ेगा, जब मुख्यधारा की पार्टियाँ स्थानीय मुद्दों को नजरअंदाज करेंगी।
कांग्रेस की गिरती पकड़
तरनतारन सीट कभी कांग्रेस का मजबूत गढ़ मानी जाती थी, लेकिन इस उपचुनाव में उम्मीदवार करणबीर सिंह को सिर्फ 15,078 वोट मिले। यह नतीजा पंजाब में कांग्रेस की निरंतर कमजोर हो रही स्थिति को दर्शाता है। पार्टी संगठनात्मक विखराव, नेतृत्व संकट और स्थानीय स्तर पर सक्रियता की कमी से जूझ रही है। 2027 के चुनावों में कांग्रेस को यदि मुकाबले में बने रहना है, तो उसे जमीनी स्तर पर संगठन को दोबारा खड़ा करने के साथ स्थानीय नेतृत्व को मजबूत करना होगा।
ग्रामीण पंजाब में भाजपा की धीमी पैठ
पंजाब में परंपरागत रूप से भाजपा का ग्रामीण वोट बैंक कमजोर रहा है लेकिन इस उपचुनाव में हरजीत सिंह संधू को 6,239 वोट मिले जो पिछले चुनावों की तुलना में सुधार माने जा रहे हैं। यह स्पष्ट संकेत है कि पार्टी धीरे-धीरे देहात वाले क्षेत्रों में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही है। हालांकि, 2027 में भाजपा किसी बड़े मुकाबले की स्थिति में तभी आएगी जब वह किसान संगठनों और ग्रामीण वर्ग की चिंताओं को सीधे संबोधित करेगी।