डिजिटल युग में अब ऑन लाइन का महत्व तेजी से बढ़ रहा है। रिटेल सेक्टर भी इससे अछूता नहीं है। इस क्षेत्र में अपार संभावनाओं को देखते हुए नाहर ग्रुप ने बीटूबी बिजनेस के लिए कॉमन ऑन लाइन रिटेल पोर्टल रिटेलकार्ट तैयार किया है।
इस पोर्टल के माध्यम से निर्माता अपने उत्पादों की ऑन लाइन मार्केटिंग कर सकेंगे। इस पोर्टल को पांच सितंबर को विधिवत लांच किया जा सकता है।
अब तक लुधियाना की 11 गारमेंट निर्माता और आगरा की एक फुटवियर निर्माता कंपनी ने इस पोर्टल का इस्तेमाल करने को हाथ मिलाया है। जबकि अब तक 450 रिटेलर भी इसके साथ जुड़ चुके हैं।
यह जानकारी नाहर ग्रुप की कंपनी कॉटन काउंटी रिटेल लिमिटेड के डायरेक्टर रिषभ ओसवाल ने दी। ओसवाल ने कहा कि प्रारंभिक चरण में पोर्टल के माध्यम से सौ कंपनियों और कम से कम देश में दस हजार रिटेलरों को आपस में जोड़ना है। इसके लिए अगले सप्ताह से बकायदा मार्केटिंग शुरू की जा रही है।
रिषभ ने कहा कि देश में तेजी से ऑन लाइन मार्केटिंग का ट्रेंड बढ़ रहा है। खास कर शहरी लोग व्यस्तता के चलते अब ऑन लाइन शापिंग को ही तवज्जो दे रहे हैं।
देश में अब तक मैन्यूफैक्चरर्स से कस्टमर के ऑन लाइन पोर्टल चल रहे हैं। पहली बार बिजनेस टू बिजनेस पोर्टल का विकल्प बाजार में दिया जा रहा है।
रिषभ के अनुसार मैन्यूफैक्चरर्स इस माध्यम से अपना बिजनेस सौ फीसदी कैश पर कर पाएंगे और उधार के काम से उनको मुक्ति मिल जाएगी। आर्डर देने के 24 घंटे में माल की रिटेलर को डिलिवरी कर दी जाएगी। इसके लिए लुधियाना में वेयरहाउस बनाया जा रहा है।