चंडीगढ़। पंजाब में सोमवार को घोषित बंद का असर सार्वजनिक परिवहन पर साफ नजर आएगा। चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) ने अपनी लोकल, सब-अर्बन और लॉन्ग रूट की 100 से अधिक बस सेवाओं में से 37 को रीशेडयूल कर दिया है। यह कदम पंजाब बंद के कारण संभावित असुविधा और सुरक्षा चिंताओं को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
परिवहन विभाग के निदेशक प्रद्युमन सिंह ने बताया कि पंजाब बंद की घोषणा को देखते हुए 37 बसों के रूट में मामूली बदलाव किए गए हैं ताकि सवारियों को बिना परेशानी उनके मंजिल तक पहुंचा सके। इसमें से पंजाब रूट पर चलने वालीं 15 बसें प्रभावित रहेंगी। उन्होंने कहा कि विभाग की कोशिश है कि जब बंद खत्म होता है तो सवारियों को तत्काल सेवा मुहैया कराई जाए। हालांकि सोमवार को बंद के दौरान हालात का आकलन करने के बाद अन्य बसों के संचालन पर भी फैसला लिया जाएगा।
सुरक्षा कारणों से बस ड्राइवरों और कंडक्टरों को सतर्क रहने की हिदायत
बंद के दौरान सबसे ज्यादा असर उन रूट्स पर पड़ेगा जो पंजाब के विभिन्न जिलों से होकर गुजरती हैं। सुरक्षा कारणों से सीटीयू ने बस ड्राइवरों और कंडक्टरों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। शहर में आईएसबीटी-43 से पंजाब के कई जिलों में बसें जाती हैं और हिमाचल, दिल्ली व अन्य रूटों पर जाने वाली बसें भी पंजाब से गुजर कर जाती है। ऐसे में विभाग का कहना है कि वह बसों को बंद से समय से पहले और बाद में सेवाएं जारी रखेंगे। माना जा रहा है कि बंद का सीधा असर पंजाब और चंडीगढ़ के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। लोकल और सब-अर्बन रूट्स के साथ-साथ लॉन्ग रूट्स पर जाने वाली बसें भी इससे प्रभावित होंगी।