चंडीगढ़। घर से वर्दी पहन बस्ता उठा छात्र स्कूल गेट तक तो पहुंचे, लेकिन कक्षा लगाने की बजाय एलांते मॉल में बैड न्यूज फिल्म देखने चले गए। एक मिनट की वीडियो में सरकारी स्कूल की वर्दी डाले आठ छात्रों को मॉल में फिल्म देखते, मंदिर के दर्शन करते और बदलू परांठे वाले के पास खाना खाते देखा जा सकता है। दीप नाम के एक युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्कूली बच्चों की वीडियो डाली है जहां वह छात्रों से बंक मारने के लिए कहता है जिस पर आठ तैयार हो जाते हैं। वीडियो को पूरे व्लॉग की तरह बनाया गया है जहां युवक गौरान्वित तरीके से बच्चों को बंक मारने के लिए कहता है। पहले छात्र यह कह कर मना कर देता है कि सर कॉपी चेक करेंगे, लेकिन बाद में आठ छात्र इसके लिए हामी भर देते हैं। युवक उन्हें गाड़ी में बिठाकर पहले मंदिर ले जाता है। मंदिर से प्रसाद लेकर युवक छात्रों को बदलू उस्ताद के बास पराठे खाने के लिए ले जाता है और उसके बाद छात्र अलग-अलग खेल खेलते दिखते हैं। इसके बाद युवक छात्रों को एलांते मॉल में बेड न्यूज फिल्म दिखाने के लिए ले जाता है। वीडियो में युवक कहता है कि एलांते मॉल में प्रवेश मिलने पर दिक्कत जरूरी हुई, लेकिन उन्हें अनुमति मिल गई जहां और भी छात्रों काे बंक मारते देखा गया। वीडियो में छात्र के पास फोन भी देखा गया। छात्र कौन से स्कूल के हैं इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। हालांकि वीडियो सेक्टर- 22 के गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल का लग रहा है। युवक द्वारा वीडियो शुक्रवार शाम को अपलोड किया।