उत्तर भारत में पहली बार ‘ब्रदरहुड ऑफ बुलेटिरियर्स मोटरसाइकिलिंग कंसोरटियम’ (बीओबीएमसी) के तत्वावधान में देशभर के बुलेट राइडर्स चंडीगढ़ में एकत्र होंगे। इसके लिए भारत के सबसे पुराने इनफील्ड क्लबों में शामिल सिटी के ‘रोड सवाईवरज’ ने एक अभियान शुरू किया है।
इस क्लब की सेफ्टी राइड का शनिवार को प्रेस क्लब से फ्लैग ऑफ किया गया। बीओबीएमसी से देशभर के 60 बाइकर्स ग्रुप के करीब एक हजार सदस्य जुडे़ हैं। इनमें 64 महिला राइडर्स भी शामिल हैं। इस क्लब में नेपाल का भी ग्रुप शामिल है।
हर साल रोड और ट्रैफिक सेफ्टी के लिए ये ग्रुप ऐसा आयोजन करते हैं। तीन दिन तक ये युवाओं को ट्रैफिक के प्रति अवेयर करते हैं। इस बार ये बाइकर्स चंडीगढ़ के पास रोपड़ स्थित किकर में जमा हो रहे हैं।
ये क्लब 23 जनवरी को यहां पहुंच जाएंगे और 25 जनवरी तक कई तरह के अवेयरनेस बेस कार्यक्रम चलाएंगे। इसके अलावा ये सभी बुलेट राइडर्स एक दिन चंडीगढ़ में भी ट्रैफिक अवेयरनेस के लिए राइड करेंगे।
शनिवार को निकाली गई सेफ्टी राइड प्रेस क्लब से सेक्टर-10 स्थित स्टॉप एन स्टेयर में खत्म हुई। इस अभियान के तहत 18 जनवरी को भी सेफ्टी राइड निकाली जाएगी। ये चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी तक जाएगी। इसके बाद मोहाली के एक निजी अस्पताल में हादसे के वक्त फर्स्ट एड पर एक सेशन होगा।
नार्थ ईस्ट राइडर्स मीट अप्रैल में
रोड सवाईवरज के मोडरेटर प्रीतपाल सिंह ‘जोजो’ ने बताया कि जनवरी की सालाना मीट के बाद अप्रैल में नार्थ ईस्ट राइडर्स मीट होगी। इसमें पूरे नार्थ ईस्ट के राइडर्स शामिल होंगे।
जोजो के अनुसार, इन राइड्स का आयोजन आज के यूथ को राइडिंग के प्रति अवेयर करना है। इसके अलावा सेफ राइडिंग, फर्स्ट एड आदि की जानकारी दी जाती है। वे इसे ‘राइड फॉर सोशल कॉल’ का नाम भी देते हैं।