यूं तो क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के देश और दुनियां में करोड़ों भक्त हैं लेकिन इनमें से कुछ ऐसे भी भक्त हैं जो अपने जुनून की वजह से यूं ही चर्चा में आज जाते हैं। ऐसे ही एक भक्त हैं जीरकपुर के बलटाना में रहने वाले 40 वर्षीय राजिंदर।
पेशे से ट्रेडर और बिजनेसमैन राजिंदर मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ऐसे जबरदस्त फैन हैं कि उन्होंने सचिन के नाम से घर में ही एक मिनी स्टेडियम तैयार कर दिया। इस स्टेडियम का नाम भी रखा मास्टर ब्लास्टर क्रिकेट स्टेडियम। लगभग 3 फीट लंबाई और चौड़ाई में तैयार स्टेडियम को राजिंदर 'क्रिकेट के भगवान' को सौंपना चाहते हैं।
बकौल राजिंदर, 'मैंने अब तक तेंदुलकर से मुलाकात नहीं की है लेकिन उम्मीद है कि एक न एक दिन मैं उनसे मुलाकात कर ये स्टेडियम बतौर उपहार उन्हें समर्पित करूंगा।' उन्होंने बताया कि आगामी आईपीएल के समय में चंडीगढ़ में होने वाले मैच में सचिन आएंगे तो उनसे मिलने की कोशिश करेंगे।