केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने आखिर पंजाब को एम्स का तोहफा दे ही दिया। पंजाब की लंबे समय से लंबित मांग पूरी हो गई। जेटली ने इस बार पंजाब को पूरी तरह निराश नहीं किया।
पिछले बजट से पहले मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने एम्स की मांग रखी थी। सीएम इतने उत्साहित थे कि उन्होंने कपूरथला में दो-दो सौ एकड़ की तीन साइट भी फाइनल कर दी थीं। सेहत मंत्री को साइट्स का निरीक्षण करने केलिए टीम भेजने को भी कह दिया था, लेकिन पिछले बजट में एम्स पंजाब के हाथ से निकल गया था। पर इस बार बादल की मांग पूरी हो गई। जेटली ने अपने लोक सभा हलके अमृतसर को फिर तरजीह दी है।
उन्हें केंद्रीय बजट में अमृतसर में पीजी हॉर्टिकल्चर इंस्टीट्यूट स्थापित करने का ऐलान किया है। इसके अलावा लंबे अरसे बाद ऐतिहासिक जलियांवाला बाग को भी केंद्र सरकार ने सम्मान दिया है। बजट में देश भर की 25 विश्व सांस्कृतिक धरोहरों केजीर्णोद्धार का ऐलान किया गया है, जिनमें जलियांवाला बाग को भी शामिल किया गया है।
यहां सुरक्षा, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, भू-सौंदर्यीकरण, द्विभाषीय केंद्र, पार्किंग, निशक्तों और अन्य पर्यटकों केलिए सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
जेटली के एक और ऐलान का पंजाबियों को फायदा हो सकता है। बजट में घोषणा की गई है कि वीजा ऑन एराइवल वाले देशों की संख्या 43 से बढ़ा कर डेढ़ सौ की जाएगी, जिससे बड़ी संख्या में एनआरआई पंजाबियों को फायदा होगा।