मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश भर की विभिन्न योग शालाओं में शीघ्र ही अनुबंध के आधार पर 1000 आयुष सहायकों और 22 आयुष कोच की भर्ती की जाएगी। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने के मकसद से 2021-2022 के बजट में सरकार ने हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का इरादा जाहिर किया है।
पत्रकारों समेत और आठ वर्गों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुनानगर, कैथल और सिरसा जिलों में भी मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का प्रस्ताव है। महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में कैंसर विज्ञान केंद्र स्थापित किया जाएगा। आयुष्मान भारत योजना के लाभ आठ अतिरिक्त श्रेणियों को प्रदान करने का निर्णय लिया है, जिसके लिए धनराशि पूरी तरह से सरकार वहन करेगी।
इन श्रेणियों में व्यापक कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना के लाभार्थी, मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना के तहत पंजीकृत परिवार, निर्माण श्रमिक बोर्ड, हरियाणा के मान्यता-प्राप्त मीडियाकर्मी, नंबरदार, चौकीदार, विमुक्त घुमंतू जाति, और आजाद हिंद फौज में रहे सैनिक, हिंदी आंदोलन से जुड़े परिवार, द्वितीय विश्व युद्ध और आपातकाल के दौरान जेल गए परिवार शामिल हैं। सरकार इस योजना का लाभ पांच लाख रुपये तक की सालाना आय वाले परिवारों को अनुपातिक आधार पर भी देगी।