आगामी लोकसभा चुनाव के लिए बसपा ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। बसपा सेक्टर स्तर तक की कमेटियां बनाएगी। यह बात बसपा संयोजक हाफिज अनवर उल हक ने कही।
उन्होंने कहा कि पार्टी जमीनी स्तर पर कार्य में जुट गई है। बसपा पार्षद जन्नत जहां ने कहा कि कांग्रेस की गलत नीतियों की वजह से लोगों का जीना मुहाल हो गया है।
उन्होंने कहा कि महंगाई और भ्रष्टाचार से समाज का हर वर्ग प्रभावित है। कांग्रेस सरकार की नीतियां जनहित में नहीं पूंजीपतियों के लिए बनाई जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सांसद भी सिटी ब्यूटीफुल के विकास के लिए अब तक कोई बड़ी योजना नहीं ला सके। रोजगार के अवसर कम होने के कारण युवाओं को भी कांग्रेस से मोहभंग हो चुका है।
ऐसे में बसपा ही लोगों को बेहतर विकल्प दे सकती है। जन्नत ने कहा कि बसपा शहर के विकास के लिए अभियान चलाकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि बसपा जल्द ही सेक्टर स्तर पर कमेटी बनाएगी।
समिति के सदस्य हर सेक्टरों की समस्याओं के लिए संघर्ष करेंगे। बसपा नेता ने कहा कि आने वाले चुनाव में बसपा की जीत तय है। उन्होंने गैस सब्सिडी के लिए आधार की समय सीमा बढ़ाने और सब्सिडी वाले सिलेंडरों की संख्या बढ़ाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि अब तक अधिकतर लोगों के इनरोलमेंट के बाद आधार कार्ड आए तक नहीं है। ऐसे में इन लोगों को अगले माह से महंगे दामों पर सिलेंडर खरीदना पड़ेगा।