बीएसएफ की चेक पोस्ट सतपाल के पास कंट्रोल ऑफ लाइन (एलओसी) क्रॉस कर पाकिस्तान की ओर से हेरोइन की तस्करी करने पहुंचे तस्करों और बीएसएफ जवानों के बीच गोलियां चलीं।
पाकिस्तानी तस्कर घने कोहरे, अंधेरे व गेहूं की फसल की आड़ में बच कर पाक की तरफ भाग गए। बीएसएफ को घटनास्थल से 65 करोड़ रुपये की हेरोइन, एक पिस्टल, एक मैगजीन व चार कारतूस बरामद हुए। यह घटना फिरोजपुर सेक्टर में बनी बीएसएफ की पोस्ट सतपाल के पास घटी।
बीएसएफ पंजाब के आईजी अनिल पालीवाल ने बताया कि उन्हें खुफिया सूचना मिली थी कि सरहद पर बनी बीएसएफ की पोस्ट सतपाल के पास से हेरोइन की खेप पाक से आने वाली है। पिछले कुछ दिन से उक्त एरिया में जवानों की गश्त तेज करने के अलावा चौकसी बढ़ा दी थी।
बीएसएफ की बटालियन 105 के जवान वीरवार-शुक्रवार की रात पोस्ट सतपाल के पास गश्त कर रहे थे कि करीब साढ़े तीन बजे फेंसिंग के पास पाकिस्तानी तस्करों की हरकत महसूस हुई। जवानों ने तस्करों को चेतावनी दी। उसी समय पाक तस्करों ने बीएसएफ पर फायरिंग कर दी। जवानों ने जवाबी कार्रवाई में तस्करों पर गोलियां चलाईं।
अंधेरे व धुंध के कारण कुछ नजर नहीं आ रहा था। कुछ समय के बाद जब शांति हो गई तो घटना वाली जगह पर सर्च अभियान चलाया गया। वहां से बीएसएफ को हेरोइन के तेरह पैकेट, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में 65 करोड़ रुपये कीमत है। इसके अलावा एक पिस्टल, एक मैगजीन व चार कारतूस बरामद हुए।
बॉक्स
सरहद पर चौकसी बढ़ाई : आईजी
आईजी अनिल पालीवाल ने बताया कि इस साल के शुरुआती दिनों में पंजाब के बार्डर से 25.225 किलो हेरोइन पकड़ी जा चुकी है। तस्करी को देखते हुए सरहद पर चौकसी बढ़ाई गई है। इस मौके पर फिरोजपुर रेंज के डीआईजी आरके थापा व अन्य बीएसएफ अधिकारी उपस्थित थे।