अमृतसर सेक्टर में घुसपैठ कर रहे पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया
- फोटो : एएनआई
सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने शुक्रवार सुबह भारत-पाक सीमा पर बार्डर आब्जर्विंग पोस्ट (बीओपी) पुल मोरां पर पाकिस्तानी ड्रोन को गिरा दिया। पिछले 72 घंटों में यह दूसरी बार है जब पाकिस्तान की ओर से भेजे गए ड्रोन को बल के जवानों ने अपना निशाना बनाया है। बीएसएफ की ओर से पूरे इलाके को घेर कर सर्च अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अभी तक उन्हें ड्रोन के कलपुर्जों के अलावा कोई संदिग्ध वस्तु सर्च में नहीं मिली।
बीएसएफ प्रवक्ता के मुताबिक शुक्रवार सुबह बीएसएफ के जवान भारत-पाक सीमा फेंसिंग के पास इलाके में गश्त कर रहे थे। इस दौरान बॉर्डर आब्जर्विंग पोस्ट (बीओपी) पुल मोरां इलाका में जवानों को सुबह करीब पौने आठ बजे पाकिस्तान की ओर से घुसपैठ कर भारतीय क्षेत्र में घुसे एक ड्रोन की आवाज सुनाई दी। बीएसएफ जवानों ने फायरिंग करके ड्रोन को नीचे गिरा लिया। बल के जवानों ने ड्रोन के अलग-अलग जगह पर गिरे हिस्सों को इकट्ठा करके अपने कब्जे में ले लिया।
प्रवक्ता ने बताया कि इसके तुरंत बाद बीएसएफ ने पुल मोरां पोस्ट के पूरे इलाके को घेर लिया और सर्च अभियान शुरू कर दिया। इस दौरान जवानों ने घटनास्थल से छह फुट लंबा क्षतिग्रस्त एक ड्रोन अपने कब्जे में ले लिया। जांच में पाया गया कि इस ड्रोन में 25,000 एमएच क्षमता की बैटरी लगी हुई थी। इसकी 25 किलो तक वजन को एक जगह से उठा कर दूसरी जगह ले जाने की क्षमता है। इस ड्रोन में कंसाइनमेंट रिलीज मैकेनिज्म लगा हुआ है, जो कंसाइनमेंट को तय जगह पर छोड़ता है।