बीएसएफ ने सरहद के पास पाकिस्तान में फोन करते हुए एक युवक को काबू किया है। युवक के फोन में पाकिस्तान का नंबर भी था। घटना फिरोजपुर बीएसएफ सेक्टर की बीओपी ओल्ड महोम्मदी वाला के पास हुई। जानकारी के अनुसार गांव कामल वाला निवासी सूरज सिंह पुत्र मंजीत सिंह बीएसएफ की बीओपी ओल्ड महोम्मदी वाला के पास बॉर्डर पिल्लर नंबर-182, आईबी से लगभग 1200 मीटर दूर और फेंसिंग से करीब 1000 मीटर दूर खड़े होकर अपने मोबाइल से पाकिस्तान में किसी व्यक्ति से बातचीत कर रहा था।
बीएसएफ की बटालियन-136 के जवानों की नजर उस पर पड़ी। बीएसएफ ने सूरज को काबू कर उसके मोबाइल की छानबीन की। सूरज के मोबाइल से बीएसएफ अधिकारियों को एक पाकिस्तानी बरामद हुआ। बीएसएफ अधिकारी सूरज से गहन पूछताछ करने में जुटे हैं।
आशंका है कि सूरज पाकिस्तानी तस्करों से बातचीत कर रहा था क्योंकि सरहद से सटे कई गांवों के नौजवान हेरोइन तस्करी के धंधे से जुड़े हुए हैं। वह व्हाट्सएप के जरिए पाक तस्करों से संपर्क कर हेरोइन की खेप मंगवाते हैं।
खुफिया सूत्रों के मुताबिक सूरज ने पूछताछ के दौरान बताया कि किसी व्यक्ति ने उसे उक्त मोबाइल नंबर दिया है। व्यक्ति ने उसे इस नंबर पर बातचीत करने को कहा था। तभी वह नंबर को डायल कर बातचीत कर रहा था। खुफिया अधिकारी उस व्यक्ति की भी तलाश कर रहे हैं जिसने सूरज को नंबर दिया था।