भारतीय क्षेत्र के ऊपर पांच मिनट तक पाक ड्रोन मंडराता रहा। इसके बाद बीएसएफ की ताबड़तोड़ 33 गोलियों से बचता हुआ ड्रोन पाक में घुस गया। वह फेंसिंग के इस तरफ क्या फेंककर गया है इसका अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया। यह घटना बुधवार रात्रि सवा 11 बजे की बताई जा रही है। बीएसएफ व पुलिस ने उक्त इलाके में संयुक्त सर्च अभियान चलाया।
खुफिया सूत्रों के मुताबिक बीएसएफ की चौकी संतोख सिंह वाला के पास आसमान में मंडराता पाक ड्रोन दिखाई दिया। बीएसएफ जवानों ने उसे आसमान से जमीन पर गिराने के लिए लगभग 33 गोलियां चलाईं। ड्रोन गोलियों के बीच से बचता हुआ सुरक्षित पाकिस्तान लौट गया। भारतीय क्षेत्र में क्या फेंक गया, इसका सुराग लगाने के लिए बीएसएफ और पंजाब पुलिस की टीमों ने रात से ही सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
गुरुवार शाम तक सर्च टीम को कुछ नहीं मिला है। उधर, जलालाबाद के डीएसपी अतुल सोनी अपने अमले समेत घटनास्थल पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और बॉर्डर के समीप पुलिस व बीएसएफ ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया मगर फिलहाल कोई भी आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है।