फिरोजपुर में बीएसएफ के अधिकारी सरहद से बरामद हेरोइन दिखाते हुए
- फोटो : अमर उजाला
बीएसएफ ने फेंसिंग पार खेत में दबी हेरोइन के नौ पैकेट बरामद किए हैं, जिनका वजन चार किलो छह सौ ग्राम था। उक्त हेरोइन पाकिस्तानी तस्करों ने खेत में दबाकर रखी थी। यह घटना बीएसएफ अबोहर सेक्टर की बीओपी गजनीवाला के पास बुधवार को घटी।
बीएसएफ के सीनियर प्रवक्ता व डीआईजी आरएस कटारिया ने बताया कि बीएसएफ की बटालियन-118 के जवान फेंसिंग के पास गश्त कर रहे थे कि उन्होंने देखा कि खेत में ताजा मिट्टी खुदी हुए हैं। शक होने पर उन्होंने उस जगह को खोदना शुरू किया तो उसमें से हेरोइन के नौ पैकेट बरामद हुए। इनका वजन चार किलो छह सौ ग्राम था, इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत तेईस करोड़ रुपये आंकी गई है। उक्त हेरोइन पाकिस्तान से आई है और पाक तस्कर इसे खेत में दबा कर गए थे ताकि इसे भारतीय सीमा में पहुंचाया जा सके।
उधर, खुफिया सूत्रों के मुताबिक उक्त हेरोइन किसी किसान के जरिए फेंसिंग पार से इस तरफ लाई जानी थी। बीएसएफ के अधिकारी उक्त किसान से भी पूछताछ करने में जुटे हैं जिसके खेत में दबी हुई मिली है।