बीएसएफ ने भारत में घुसने की कोशिश कर रहे एक 21 साल के लड़के को पकड़ा है। जिसके पास से पाकिस्तानी पासपोर्ट बरामद किया है। लेकिन इसके पास से वीजा नहीं मिला है। इसका नाम अब्दुल्ला शाह बताया जा रहा है। अब्दुल्ला शाह को सुरक्षाबलों के जवानों ने वाघा बार्डर के पास से उस समय पकड़ा जब वह भारत में घुसने की कोशिश कर रहा था।
पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह पाकिस्तान के स्वात का रहने वाला है। बीएसएफ को उसके पास से पासपोर्ट के अलावा मोबाइल फोन, सिम और 9000 रुपए की पाकिस्तानी करेंसी मिली है। इस बारे में अभी जानकारी नहीं मिल सकी है कि वह सरहद पार करने की कोशिश क्यों कर रहा था? पकड़े गए पाकिस्तानी नागरिक से पूछताछ जारी है।
वहीं, दूसरी ओर बीएसएफ द्वारा पंजाब के अमृतसर में भी दो भारतीय नागरिकों को धरे जाने की खबर आ रही है। सुरक्षा बलों के जवानों ने 23 साल के बाबू अली और 20 साल के थाहिब नाम के युवकों को बॉर्डर ऑफ पोस्ट, रनिया अमृतसर से पकड़ा है। वहीं, दूसरी ओर गुरुवार को आईटी हब बेंगलुरु में तीन पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया था। क्राइम ब्रांच ने इन्हें राजधानी के कुमारस्वामी लेआउट के पास से गिरफ्तार किया है। इनके पास भारत में आने के वैध दस्तावेज नहीं थे। पुलिस ने एक भारतीय को इनके साथ गिरफ्तार किया है।