गांव नांगल खुर्द के पास जीटी रोड पर दो कैंटरों की जबरदस्त भिड़ंत के बाद एक कैंटर के क्लीनर की मौत हो गई जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौत का कारण आग बनी, जो हादसे के तुरंत बाद कैंटर में लग गई थी।
क्लीनर को जब तक इस आग में से निकाला जाता, तब तक वह 85 प्रतिशत झुलस चुका था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला सड़क किनारे खड़े कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद निवासी लोकेश (18) कैंटर चालक बल्लभगढ़ निवासी भूपेंद्र के साथ कैंटर पर क्लीनर था। बुधवार को वे दोनों कैंटर में माल लेकर जा रहे थे। जब वे नांगल खुर्द के पास पहुंचे तो चालक भूपेंद्र को सड़क किनारे खड़ा एक अन्य कैंटर दिखाई नहीं दिया और उससे जाकर भिड़ गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तुरंत बाद ही कैंटर के केबिन में आग लग गई। हादसे के बाद केबिन में फंसे लोकेश और भूपेंद्र दोनों आग की चपेट में आ गए। जब तक आसपास के लोग आग पर काबू पाकर दोनों को बाहर निकालते तब तक लोकेश की मौत हो चुकी थी। वहीं 60 प्रतिशत से अधिक झुलसकर भूपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो चुका था।
इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचे दोनों को सामान्य अस्पताल पहुंचाया। यहां से लोकेश का शव दोपहर बाद पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। दूसरी ओर घायल भूपेंद्र की भी देर शाम तक स्थिति गंभीर थी। पुलिस के अनुसार मामला दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा।