खन्ना में खौफनाक सड़क हादसे, ट्रक और कार की टक्कर में कार सवार पांच लोगों की मौत मौके पर ही हो गई, वहीं चार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पंजाब के खन्ना-समराला रोड पर रविवार दोपहर हुआ।
हादसे में एक युवक बाल-बाल बच गया। सभी हताहत हरियाणा के जिला करनाल के रहने वाले थे। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज लिया है। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार हरभजन सिंह, रीना रानी, रानी, अनमोल, अमनदीप सिंह, रणदीप कौर, नवनीत कौर, परमजीत सिंह और रविंदर सिंह निवासी करनाल जाइलो कार में रविवार को करनाल से नवांशहर जा रहे थे। जब वे खन्ना से समराला रोड पर बनी बरधाला चौकी के पास के पास पहुंचे तो समराला की तरफ से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी।
इससे रीना (36), अनमोल (7), हरभजन सिंह (54), रानी (45) और कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अमनदीप (25), रणदीप कौर (15), नवनीत कौर (34) और परमजीत सिंह (24) घायल हो गए।