प्रदेश में चौटाला सन्स, भजनलाल सन्स जैसी राजनीति से आम आदमी पार्टी (आप) दूर है। इस पार्टी में किसी भी परिवार के दो सदस्यों को न तो पार्टी की सदस्यता दी जाएगी और न ही उम्मीदवारी...।
हरियाणा की राजनीति में व्याप्त वंशवाद की इस गंदगी को झाड़ू से साफ करेंगे, ताकि आम लोगों को हर क्षेत्र में बराबरी का मौका मिल सके।
सेक्टर-16 में रविवार को आयोजित आम आदमी पार्टी के जिला सम्मेलन में मुख्य प्रवक्ता एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य योगेन्द्र यादव ने कुछ तरह हुंकार भरी और विपक्षियों पर निशाना साधा।
योगेन्द्र यादव ने कहा कि हरियाणा में जमीन अधिग्रहण, चैंज आफ लैंड यूज (सीएलयू) के नाम पर चल रहा कारोबार और इसके साथ सरकारी नौकरियों में पक्षपात, दो प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र का रूप ले चुके हैं।
हाल में ही एचसीएस के परिणामों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि 30 में से 20 अधिकारियों का ताल्लुक राजनीतिक घरानों या उनके नुमाइंदों से है।
उनकी पार्टी के सामने एक बड़ी चुनौती है, लेकिन भ्रष्टाचार, महंगाई, नौकरियों में पक्षपात और जमीन के नाम पर की जा रही धांधली के खिलाफ पार्टी प्रदेश में व्यापक अभियान चलाएगी।
अव्यवस्था का आलम
सम्मेलन के दौरान भीड़ ज्यादा होने के कारण अव्यवस्था की स्थिति बनी रही। आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता योगेंद्र यादव सुबह करीब 11 बजे अग्रवाल भवन पहुंच गए थे, जिन्हें सुनने के लिए एक हजार से ज्यादा लोग पहुंचे थे।
अपनी हाजिरी बढ़ाने के लिए मुख्य नेताओं का स्टेज पर कब्जा रहा, जबकि भीड़ को नियंत्रित करने पर किसी का खास ध्यान नहीं था। भवन की बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर से लेकर पहली मंजिल तक लोगों की भीड़ जुटी रही।
योगेंद्र यादव भाषण के दौरान लोगों के हक की बात करते रहे, लेकिन जिन लोगों ने अपनी समस्याएं पहुंचाने की कोशिश की, उनमें से ज्यादातर को निराशा ही हाथ लगी।
आप ही बताएं, पंचकूला में क्या हो सदस्यता का लक्ष्य
पंचकूला में पार्टी की सदस्यता के लक्ष्य पर एक कार्यकर्ता ने सवाल पूछा तो यादव ने उनसे ही सवाल कर दिया कि यहां के लिए क्या आंकड़े हों, यह आप ही बताएं। जवाब में एक लाख सदस्यों को जोड़ने की कवायद की गई।
इस मौके पर प्रदेश संयोजक आशावंत गुप्ता, सचिव परमजीत सिंह, प्रदेश प्रवक्ता राजीव गोदारा, रूपिंद्र कौर, आनंद प्रकाश, नवीन जैन, विजय बंसल, पार्षद सीबी गोयल, पूर्व पार्षद हरिंद्र सैनी, रामगढ़ के जेपी सैनी मौजूद रहे।
चादर में एकत्र किए रुपये
पार्टी ने सम्मेलन में मौजूद लोगों के सामने चादर फैलाकर रुपयेे एकत्र किए। लोगों ने भी 10 रुपये से लेकर दो हजार रुपये तक चादर में डाले। उन्हें फिलहाल रसीद नहीं मिली।
योगेंद्र यादव ने कहा कि यहां से एकत्र पैसे की एक ही रसीद बनेगी। उन्होंने दावा किया कि एक-एक रुपये का हिसाब ऑनलाइन होगा।
दूसरी पार्टियों के लोग भी पहुंचे उत्सुकता देखने
कार्यक्रम के दौरान क्या माहौल है, यह स्थिति जानने के लिए दूसरी पार्टियों के नेता व कार्यकर्ता भी काफी उत्सुक दिखे। कांग्रेस, भाजपा के अलावा इनेलो के भी कुछ कार्यकर्ता अग्रवाल भवन में देखे गए।
कुछ लोगों ने फोन कर इस कार्यक्रम में भीड़ और किए जा रहे दावों की भी अपने जानकारों को जानकारियां दीं।