चंडीगढ़। सेक्टर-34 में मकान नंबर 14/15 में रविवार की रात बेसमेंट की खुदाई के दौरान जेसीबी की चोट से पेयजल आपूर्ति और गैस पाइपलाइन टूट गई। इस दौरान पाइप से इतना तेजी से पानी बाहर आया कि पास में बने मकान के धंसने का डर सताने लगा।
लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को बुलाया। फायर ब्रिगेड की टीम ने पूरी रात लगकर मौके पर जमा पानी को निकाला। वहीं, निगम की टीम ने पाइप लाइन की मरम्मत की। गैस लाइन वालों ने भी अपनी लाइन को जोड़ा। इस दौरान पेयजलापूर्ति न होने से सेक्टर में हाहाकार मच गया। शाम को साढ़े छह बजे पानी की आपूर्ति लोगों को हुई। फायर ब्रिगेड विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रात लगभग 10 बजे जानकारी मिलने के बाद ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। निगम के अधिकारियों ने बताया कि मरम्मत कार्य पर जो खर्चा आया है उसे संबंधित व्यक्ति से वसूला जाएगा।