गांव मनौली में शनिवार रात चोरों ने सात धार्मिक स्थानों की गोल तोड़ कर चोरी को अंजाम दिया। फिर गांव के बाहर स्थित एक घर में सो रहे युवक का मोबाइल फोन चुरा लिया।
उसी फोन से उसके पिता को फोन करके कहा कि तुम्हारे बेटे कटे पड़े हैं, उन्हें उठा लो। इस पर उनके परिजन दौड़े हुए मौके पर पहुंचे, लेकिन वह सो रहे थे। इसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।
चोरों ने गुरुद्वारा साहिब छेवीं पातशाही, गुरुद्वारा साहिब भगत रविदास, गुरुद्वारा साहिब धन्ना भगत, गुरुद्वारा ढक्की साहिब, मस्जिद, डेरा बैरागी, डेरा कृपा नाथ की गोलकों के ताले तोड़े और चढ़ावा ले गए। फिर शरारती तत्वों ने गांव के बाहर घर में सो रहे युवक का मोबाइल चुरा कर उसके पिता गुरनाम सिंह को फोन किया।
घबराए परिजन पहुंचे तो देखा दोनों युवक सो रहे हैं। उन लोगों ने जब चोरी हुए मोबाइल पर फोन किया तो उन्हें कहा गया कि जुए में पचास हजार रुपये हार गए है। चालीस हजार इकट्ठे हो गए हैं, अभी दस हजार बाकी हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।