पंजाब के अबोहर जिले में एक शादी समारोह में भारी हंगामा हो गया। आरोप है कि लड़की की विदाई से पहले वर पक्ष ने कथित तौर पर वधु पक्ष से भारी भरकम दहेज की मांग रख दी। इसी बात पर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। तोड़फोड़ और पत्थरबाजी में लड़की का भाई और उसकी दादी घायल हो गए। उन्हें सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। विवाद इतना बढ़ा कि बिना दुल्हन के ही बरात को वापस होना पड़ा। सूचना मिलते ही थाना नंबर एक की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति ने बेटी की शादी फाजिल्का निवासी युवक के साथ तय की थी। युवक बरात लेकर अबोहर पहुंचा और रात को विवाह समारोह संपन्न होने के बाद सुबह जब विदाई का समय आया तो लड़के वालों ने दहेज की मांग करनी शुरू कर दी। इसी बात पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इसी दौरान वर और वधु पक्ष ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाना शुरू कर दिया।
वहीं लड़के वालों ने टेंट की कुर्सियां, प्लेट व डीजे तोड़ दिया। इस घटना में लड़की का भाई और दादी घायल हो गए। वधू पक्ष ने लड़की को विदा करने से मना कर दिया। इसके बाद बरात बिना दुल्हन के लौट गई। सूचना मिलते ही थाना नंबर एक की पुलिस भी मौके पर पहुंची।
थाना प्रभारी परमजीत कंबोज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जो भी आरोपी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल में दाखिल लड़की के भाई ने बताया कि विवाह समारोह शांतिपूर्वक चल रहा था लेकिन लड़के के मामा ने दहेज में कार मांगनी शुरू कर दी। इसके बाद वर-वधु पक्ष के लोगों की एक कमरे में बातचीत चल रही थी। इसी दौरान कुछ बरातियों ने भोजन सही न होने की बात कह दी। इस पर लड़की वालों को गुस्सा आ गया और दोनों पक्षों में झगड़ा शुरू हो गया। इसके बाद बरातियों ने मारपीट की और सामान तोड़ दिया। बीच बचाव करने पहुंची दादी पर भी हमला किया गया। समाचार लिखे जाने तक लड़की की विदाई नहीं हुई। हालांकि दोनों पक्ष राजीनामा की कोशिश में लगे हैं।