चंडीगढ़। 10 लाख रुपये की रिश्वत मामले में आरोपी दिलबाग सिंह ने सीबीआई अदालत में जमानत याचिका दायर की है। कैथल निवासी आरोपी दिलबाग पर डीएसपी बनकर रिश्वत मांगने का आरोप है। याचिका पर अदालत ने सीबीआई को 28 अप्रैल के लिए नोटिस जारी कर जवाब दायर करने के आदेश दिए हैं। दिलबाग के एडवोकेट विशाल गर्ग नरवाना ने याचिका में कहा कि आरोपी की इस मामले में कोई भूमिका नहीं है। 6 अप्रैल को उसे पिंजौर से उठाकर सेक्टर-7 लेकर आया गया। साथ ही उसके घर की तलाशी भी ली गई। उससे कोई भी ऐसी चीज बरामद नहीं की गई, जिससे उस पर आरोप साबित हो। उन्होंने कहा कि यह मामला ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग पर है जोकि सीबीआई के पास हैं। उसने कोई रिश्वत नहीं मांगी है और न ही स्वीकार की है, इसलिए उनके मुवक्किल को जमानत दी जानी चाहिए। मामले में दिलबाग के अलावा अन्य आरोपी अनिल मोर भी अभी जेल में बंद है।
दरअसल सीबीआई ने अंबाला की फेंटेंसी गेमिंग टेक्नोलॉजी के डायरेक्टर मोहित शर्मा की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। शिकायत में मोहित ने बताया था कि जीरकपुर पुलिस ने एक मामले पर कार्रवाई करते हुए उनके बैंक खाते बंद कर दिए थे, जिन्हें खोलने के नाम पर आरोपी ने नकली डीएसपी बनकर 50 लाख रुपये रिश्वत मांगी थी। इसके बाद सीबीआई ने ट्रैप लगाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया था।