बाक्सर विजेंदर कुमार के प्रोफेशनल बॉक्सिंग से जुड़ने के फैसले से खफा खेलमंत्री ने बड़ा बयान दिया है। दरअसल देश को ओलंपिक में पदक दिलाने वाले हरियाणा के बाक्सर विजेंदर कुमार आयरलैंड के क्वींसबरी प्रोमोशन के साथ जुड़ने के लंदन में आधिकारिक घोषणा से पूरे खेल जगत में हलचल का माहौल है, वहीं हरियाणा के खेल मंत्री अनिल विज बाक्सर विजेंदर के इस रवैये से खासे खफा हैं।
उन्होंने इस पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। खेल मंत्री अनिल विज ने इस मसले पर कहा कि ये बहुत ही अफसोसजनक बात है कि हम मिलकर एक अच्छा खिलाड़ी तैयार करते हैं, मगर जब खिलाड़ी बुलंदी पर होता है, तो वे अपने देश के लिए खेलना छोड़कर दूसरे देश के लिए खेले।
उन्होंने सवाल खड़ा करते हुए कहा कि क्या इसीलिए सरकार खिलाड़ियों पर इतना खर्च करती है कि एक दिन कामयाब होने पर वे अपने प्रदेश और देश को ही छोड़कर चला जाए और एक पेशेवर खिलाड़ी बन जाए? विज ने कहा कि मैं हैरान हूं कि एक खिलाड़ी में अपने खेल से अपने देश का नाम रोशन करने की भावना कैसे खत्म हो सकती है? खिलाड़ी अपने खेल को केवल एक पेशे तक कैसे समेट सकता है?
बॉक्सर विजेंदर की मुश्किलें थोड़ी बढ़ सकती हैं
विज ने साफ कहा कि जो भी खिलाड़ी अपने खेल के दम पर यहां हरियाणा सरकार से कोई बेनेफिट ले रहे हैं, ले चुके हैं या फिर कोई पद प्राप्त कर चुके हैं, तो ऐसी स्थिति में सरकार को भी उन खिलाड़ियों के प्रति सोचना पड़ेगा। उनके अनुसार अभी इस मसले पर वे खेल विभाग के आला अफसरों से बातचीत करेंगे, उसके बाद देखते हैं क्या हो सकता है?
उल्लेखनीय है कि हरियाणा में एक्शन मैन बनने वाले बाक्सर विजेंदर पुलिस महकमे में डीएसपी पद पर तैनात है और ये पद उन्हें खेल की बदौलत ही प्राप्त हुआ है। लेकिन खेल मंत्री के बयानों की समीक्षा करें तो इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि देश के लिए न खेलने का इरादा रखने वाले बॉक्सर विजेंदर की मुश्किलें थोड़ी बढ़ सकती हैं।
विज को आगे की चिंता
खेल मंत्री विज हालांकि विजेंदर के कदम से नाखुश हैं, क्योंकि वे चाहते कि खिलाड़ी में भी फौजी की तरह देशभक्ति कूट-कूटकर भरी जाए। इसके लिए वे प्रयास भी कर रहे हैं। खेल मंत्री को इस बात की चिंता है कि कहीं भविष्य में भी प्रदेश से अच्छे खिलाड़ी इसी नक्शे कदम पर न चलने लगे। लिहाजा उन्होंने आह्वान किया है कि खिलाड़ी पेशेवर न बने, अपने देश के लिए खेलें और देशभक्ति दिखाएं।