चंडीगढ़। 2 जून को सेक्टर-9 स्थित शराब ठेके पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने के मामले में शूटर अमरजीत उर्फ टोपी और देवेंद्र उर्फ चावला का तीन-तीन दिन का प्रोडक्शन वारंट खत्म होने पर उन्हें मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। जज ने उन्हें अब जेल भेज दिया है। दोनों आरोपी पहले पांच और फिर तीन तीन दिन के रिमांड पर थे।
बता दें कि दोनों को 19 जुलाई को कुरुक्षेत्र की सीआईए टीम ने गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार शूटर टोपी पर पंजाब और हरियाणा के अलग-अलग थानों में करीब 10 मामले व दविंदर चावला पर 13 मामले दर्ज हैं। 2 जून की रात सेक्टर-9 स्थित शराब ठेके पर आरोपी ताबड़तोड़ फायरिंग करके फरार हो गए थे। वारदात में ठेके पर काम करने वाले राजेश के बाजू में दो गोलियां लगीं। अन्य दो कारिंदे मदन व पवन दुकान में लगा शीशा टूटने से जख्मी हुए। वहीं ठेका मालिक राम अवतार बत्रा के रिश्तेदार अंकुर नारंग को भी गोलियां लगी थीं।