भारतीय सीमा में रविवार को पकड़े गए दोनों पाक सैनिकों को सोमवार देर शाम बीएसएफ ने हुसैनीवाला बार्डर के रास्ते पाक रेंजरों को सौंप दिया। फिरोजपुर बार्डर रेंज के अंतर्गत पड़ती बीएसएफ की बीओपी दोना तेलु मल के पास से रविवार की शाम भारतीय सीमा में घुसपैठ करते पाक सैनिक सिराज अहमद व मुमताज खान (30 बलौच रेजीमेंट के जवान) को गिरफ्तार किया था।
दोनों के पास से पाक करेंसी, पाक आर्मी का पहचान पत्र और मोबाइल फोन बरामद हुए थे। पाक अधिकारियों ने बीएसएफ को अपने दो जवानों के गायब होने की सूचना दी। इसके बाद दोनों देशों के अधिकारियों की फ्लैग मीटिंग के बाद जवानों को पाक अधिकारियों के हवाले किया।
सूत्रों के मुताबिक पूछताछ के दौरान दोनों जवानों ने बताया था कि वह गलती से भारतीय सीमा में प्रवेश कर गए थे, उनकी रेजीमेंट हाल ही में फिरोजपुर से सटी पाक सीमा पर पोस्ट हुई है। उनके अधिकारियों ने उन्हें सरहद पर बने पाक बंकरों की सफाई, पेड़-पौधों की देख-रेख और सतलुज दरिया में से मछली पकड़ने वालों को रोकने के लिए तैनात किया था।
वह गलती से भारतीय सीमा में प्रवेश कर गए थे। जवानों से सुरक्षा एजेंसियों ने पूछताछ में उनके पाक सैनिक होने की बात को सही माना। सोमवार को दोनों देशों के बीच हुसैनीवाला बार्डर स्थित ज्वाइंट पोस्ट पर रिट्रीट सेरेमनी होने के बाद जवानों को देर शाम पाकिस्तानी रेंजरों के सुपुर्द कर दिया गया।