चंडीगढ़। सेक्टर-25 में बीते बुधवार दोपहर को बीए प्रथम वर्ष के छात्र को चाकू मारने के दोनों नाबालिग आरोपियों को सेक्टर-24 पुलिस चाैकी ने पकड़ लिया है। इन्हें जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। हमला बीते 24 नवंबर की एक मारपीट के बाद रंजिश की वजह से किया गया था।
सेक्टर 25 निवासी मुकुल पाटिल (18) ने अपनी शिकायत में कहा है कि बीते 24 नवंबर को उसकी किसी बात को लेकर कॉलोनी और सेक्टर 24 के नाबालिग से झगड़ा हुआ था। उसके बाद दोनों धमकी देते फरार हो गए। हालांकि, इस मामले को मुकुल ने गंभीरता से नहीं लिया और न ही किसी को बताया। बीते बुधवार दाेपहर 2.30 बजे के लगभग वह घर के बाहर गली में खड़ा था तभी आरोपियों ने हमला कर दिया। सेक्टर 25 निवासी आरोपी ने चाकू निकाला और उसके पेट के बाईं तरह घोंप दिया। उसे लहुलुहान हालत में सेक्टर 16 के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया।