किताबों के शौकिनों को पांच दिन तक एक ही छत के नीचे देश-दुनिया के 40 प्रकाशकों की हजारों किताबें देखने और पढ़ने का मौका आज से मिलेगा। सोमवार से पंजाब यूनिवर्सिटी में पहला पीयू बुक फेयर-2014 शुरू होने जा रहा है।
पीयू एसी जोशी लाइब्रेरी इसका आयोजन कर रही है। इस बुक फेयर में ट्राइसिटी के स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी के हजारों स्टूडेंट, उनके पेरेंट्स और शिक्षक हिस्सा लेंगे। बुक फेयर का उद्घाटन सोमवार को पीयू डीयूआई प्रो. एके भंडारी सुबह 11 बजे करेंगे।
बुक फेयर के लिए रविवार देर शाम तक लाइब्रेरी के सामने स्थित मैदान में तैयारियों की जा रही थीं। बरसात के मौसम को देखते हुए इसके लिए पंडाल को वॉटर प्रूफ बनवाया गया है। पीयू के चीफ लाइब्रेरियन और बुक फेयर के चीफ कोऑर्डिनेटर डॉ. राजकुमार ने बताया कि बुक फेयर में 45 के करीब स्टॉल अलॉट किए जा चुके हैं।
बुक फेयर में अंग्रेजी, हिंदी, पंजाबी साहित्य के अलावा अन्य क्षेत्र से जुड़ी किताबें उपलब्ध होंगी। बुक फेयर सुबह 10 से शाम सात बजे तक लगेगा। सोमवार को पीजीआई के डा.जेएस ठाकुर,एचआर चोपड़ा,आरपी कुमार विभिन्न थीम पर लेक्चर देंगे। शाम को जीसीजी-42 की छात्राएं कल्चरल कार्यक्रम भी प्रस्तुत करेंगी।
तीन लाख का है साइंस इनसाक्लोपीडिया सेट
पीयू बुक फेयर में 40 हजार से लेकर तीन लाख तक किताबों के सेट हैं। दिल्ली की आहूजा बुक कंपनी के सेल्स एग्जीक्यूटिव शत्रुघ्न सिंह ने बताया कि उनके पास मेडिकल साइंस के सात वोल्यूम की कीमत करीब तीन लाख रुपये है।
जेनेटिक संबंधी इनसाक्लोपीडिया की कीमत दो लाख रुपये और हेल्थ संबंधी किताबों का सेट 45 हजार रुपये है। ब्रिटिश लाइब्रेरी के मैनेजर विपिन कुमार ने बताया कि बुक फेयर में स्पेशल मेंबरशिप डिस्काउंट दिया जाएगा। हर रोज क्विज प्रतियोगिता के साथ रीडर को खास गिफ्ट भी दिए जाएंगे।
साहित्य अकादमी के पूर्व डायरेक्टर देश निरमोही ने बताया कि बुक फेयर में हिंदी साहित्य से जुड़ी किताबों के लिए आधार प्रकाशन भी स्टॉल लगाएगा।
20 फीसदी डिस्काउंट और शानदार गिफ्ट
युवाओं को बुक फेयर में आकर्षित करने के लिए स्पेशल ऑफर दिया जाएगा। डिप्टी लाइब्रेरियन डॉ. रश्मि ने बताया कि प्रकाशक किताबों पर 15 से 20 फीसदी डिस्काउंट देंगे।
पटियाला से सोहन लाल मदन लाल प्रकाशन के अशोक मदान ने कहा कि सभी किताबों पर 20 फीसदी तक डिस्काउंट मिलेगा। उन्होंने बताया कि पांच दिनों में पीयू लाइब्रेरी में रेगुलर स्टडी करने वाले 10 चुनिंदा स्टूडेंट को 500-500 रुपये के गिफ्ट कूपन दिए जाएंगे।
पीयू बुक फेयर में हर रोज करीब 5 हजार लोगों के शिरकत करने की संभावना है। ट्राइसिटी के सभी स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी में बुक फेयर के लिए निमंत्रण भेजा गया है। बुक फेयर में क्विज प्रतियोगिता के अलावा स्कूली विद्यार्थियों को एसी जोशी लाइब्रेरी की विजिट कराई जाएगी। रक्तदान के इच्छुक युवा सुबह 10 से दोपहर तीन बजे तक बुक फेयर में रक्तदान कर सकेंगे।
एसी जोशी लाइब्रेरी पीयू के डॉ. राजकुमार, चीफ लाइब्रेरियन ने बताया कि युवाओं में रीडिंग हैबिट बढ़ाने और उन्हें एक ही छत के नीचे किताबों के ढेरों विकल्प देने के लिए बुक फेयर आयोजित किया जा रहा है। बुक फेयर को अधिक उपयोगी बनाने के लिए एक्सपर्ट टॉक, क्विज प्रतियोगिता और गिफ्ट कूपन भी दिए जाएंगे।